ePaper

तृणमूल मुझे रैलियां करने से रोक सकती है, लेकिन भाजपा की विजय यात्रा नहीं रोक सकती : शाह

Updated at : 13 May 2019 4:22 PM (IST)
विज्ञापन
तृणमूल मुझे रैलियां करने से रोक सकती है, लेकिन भाजपा की विजय यात्रा नहीं रोक सकती : शाह

कैनिंग (पश्चिम बंगाल) : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सोमवार को चुनौती दी कि वह ‘जय श्री राम’ के उद्घोष के लिए उन्हें गिरफ्तार करके दिखाएं. शाह ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो पश्चिम बंगाल में उन्हें रैलियां करने से रोक सकती हैं, लेकिन वह […]

विज्ञापन

कैनिंग (पश्चिम बंगाल) : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सोमवार को चुनौती दी कि वह ‘जय श्री राम’ के उद्घोष के लिए उन्हें गिरफ्तार करके दिखाएं. शाह ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो पश्चिम बंगाल में उन्हें रैलियां करने से रोक सकती हैं, लेकिन वह राज्य में भाजपा की विजय यात्रा नहीं रोक पायेगी.

भाजपा अध्यक्ष ने जॉयनगर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के तहत आने वाले कैनिंग में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘यदि कोई ‘जय श्री राम’ का उद्घोष करता है तो ममता दी नाराज हो जाती हैं. मैं आज यहां जय श्री राम का उद्घोष कर रहा हूं. यदि आप (ममता) में हिम्मत है तो मुझे गिरफ्तार कीजिए. मैं कल कोलकाता में होऊंगा.’

सोशल मीडिया पर हाल में एक वीडियो क्लिप वायरल हुई थी जिसमें ममता घाटाल लोकसभा सीट में ‘जय श्री राम’ का उद्घोष करने पर लोगों पर नाराज हो रही हैं. शाह ने बरूईपुर में उनके हेलीकॉप्टर को उतरने की अनुमति नहीं देने को लेकर तृणमूल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘ममता बनर्जी की सरकार स्पष्ट रूप से घबराई हुई है. वह मुझे रैलियां करने से रोकना चाहती हैं. क्या आप (ममता) इस तरह अपनी हार रोकना चाहती हैं?’

उन्होंने कहा, ‘तृणमूल मुझे रैलियां संबोधित करने से रोक सकती है लेकिन वह पश्चिम बंगाल में भाजपा की विजय यात्रा नहीं रोक सकती.’ राज्य सरकार ने शाह का हेलीकॉप्टर उतरने और बरूईपुर में जनसभा को संबोधित करने की उन्हें अनुमति नहीं दी थी जिसके बाद शाह की जाधवपुर लोकसभा सीट में निर्धारित रैली रद्द कर दी गयी. शाह ने घुसपैठियों को ‘दीमक’ करार दिया जो इस देश के संसाधनों को खा रहे हैं.

उन्होंने कहा कि पार्टी केंद्र में दूसरी बार सत्ता में आने के बाद इन घुसपैठियों को पश्चिम बंगाल से बाहर निकालेगी. उन्होंने कहा, ‘हम बंगाल का गौरव फिर से लौटायेंगे. ममता बनर्जी ने सोनार (स्वर्ण) बांग्ला को कंगाल बांग्ला में बदल दिया है. अपने वोट बैंक को बचाने के लिए घुसपैठियों का बचाव करने में उनकी रुचि है, लेकिन उनका वोट बैंक उन्हें निकट आती हार से बचा नहीं पायेगा.’

शाह ने राज्य में कथित ‘सिंडिकेट राज’ चलाने के लिए ममता पर निशाना साधते हुए कहा कि तृणमूल मुख्यमंत्री के भतीजे अभिषेक बनर्जी को लाभ पहुंचाना चाहती है. उन्होंने कहा, ‘पहले ‘सिंडिकेट टैक्स’ था, अब ‘भतीजा टैक्स’ ने इसकी जगह ले ली है. हमें बुआ-भतीजे की इस भ्रष्ट सरकार को बाहर करना होगा. हम इस भ्रष्ट शासन को हरायेंगे.’

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola