भारत-बांग्लादेश नौसेना का संयुक्त पेट्रोलिंग अभ्यास शुरू

Updated at : 28 Jun 2018 12:54 AM (IST)
विज्ञापन
भारत-बांग्लादेश नौसेना का संयुक्त पेट्रोलिंग अभ्यास शुरू

कोलकाता : भारत-बांग्लादेश नौसेना का पहला और संयुक्त समन्वय पेट्रोलिंग (सीओआरपीएटी) अभियान बुधवार से शुरू हुआ. यह संयुक्त पेट्रोलिंग समुद्री सीमाओं पर होनेवाली आतंकवादी गतिविधियों, तस्करी, समुद्री डकैती और अवैध मछली पकड़ने वालों के खिलाफ है. भारतीय नौसेना के चीफ एडमिरल सुनील लांबा और बांग्लादेशी समकक्ष एडमिरल निजामुद्दीन अहमद ने चटगांव के दक्षिणी बंदरगाह स्थित […]

विज्ञापन
कोलकाता : भारत-बांग्लादेश नौसेना का पहला और संयुक्त समन्वय पेट्रोलिंग (सीओआरपीएटी) अभियान बुधवार से शुरू हुआ. यह संयुक्त पेट्रोलिंग समुद्री सीमाओं पर होनेवाली आतंकवादी गतिविधियों, तस्करी, समुद्री डकैती और अवैध मछली पकड़ने वालों के खिलाफ है. भारतीय नौसेना के चीफ एडमिरल सुनील लांबा और बांग्लादेशी समकक्ष एडमिरल निजामुद्दीन अहमद ने चटगांव के दक्षिणी बंदरगाह स्थित नौसेना बेस में आयोजित एक समारोह के दौरान छह दिवसीय संयुक्त पेट्रोलिंग अभ्यास का शुभारंभ किया.
बांग्लादेश नौसेना के प्रवक्ता ने कहा कि दोनों देशों की नौसेना के जहाज और विमान गुरुवार से बांग्लादेश के समुद्री सीमा से गश्त शुरू करेंगे और अभियान तीन जुलाई को भारत के विशाखापत्तनम में संपन्न होगा. उन्होंने कहा कि दो बांग्लादेशी और दो भारतीय युद्धक जहाजों और दोनों देशों के दो समुद्री गश्त विमानों को संयुक्त अभ्यास में शामिल किया गया है.
बांग्लादेश नौसेना के दो अधिकारी और दो भारतीय नौसेना अधिकारी अभ्यास के दौरान एक-दूसरे के युद्धपोतों में यात्रा करेंगे. प्रवक्ता ने कहा कि दोनों देशों के नौसेना का यह पहला संयुक्त पेट्रोलिंग अभियान है. दोनों नौसेना ने जरूरत के हिसाब से समय-समय पर समान रूप से अापराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभ्यास करने का फैसला किया है.
उन्होंने कहा कि दोनों नौसेना एक दूसरे के क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियों से संबंधित जानकारी का आदान-प्रदान करेंगे. रक्षा मंत्रालय के एक बयान के अनुसार दोनों देशों के नौसेना के संयुक्त अभ्यास के उद्घाटन समारोह के दौरान एडमिरल सुनील लांबा ने कहा कि इस संयुक्त अभ्यास से दोनों देशों के वृहद समुद्री सीमाओं को सुरक्षित करने की दिशा में मजबूती मिलने की उम्मीद है.
भारत हमेशा बांग्लादेश के साथ समुद्री सीमाओं को सुरक्षित करने, आतंकवाद का मुकाबला करने, किसी भी आपदा से निबटने के लिए तैयार है. एडमिरल निजामुद्दीन अहमद ने संयुक्त पेट्रोलिंग अभियान के लिये भारतीय नौसेना को धन्यवाद दिया है. गत रविवार को भारतीय नौसेना के प्रमुख छह दिन की यात्रा पर बांग्लादेश पहुंचे थे.
अपने प्रवास के दौरान, एडमिरल सुनील लांबा ने बांग्लादेश के राष्ट्रपति अब्दुल हामिद और प्रधानमंत्री शेख हसीना से मुलाकात की. साथ ही बांग्लादेश के सशस्त्र बलों के अधिकारियों और उनके समकक्ष अधिकारियों के साथ बैठक की. 25 जून को हुई बैठक में बांग्लादेश की ओर से दोनों देशों की नौसेना के बीच अनुभव साझा करने पर जोर दिया गया था.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola