रानीगंज में गहराया जल संकट, सड़क जाम
Published by : GANESH MAHTO Updated At : 23 Feb 2026 12:54 AM
शनिवार को वार्ड 34 के पंजाबी मोड़ आमरसोता इलाके में नेशनल हाइवे जाम के बाद रविवार को वार्ड 35 के निवासियों ने भी जोरदार विरोध प्रदर्शन किया.
आश्वासन के बाद हटाया गया जाम रानीगंज. क्षेत्र में पेयजल संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है. गर्मी पूरी तरह शुरू भी नहीं हुई है, लेकिन पानी की मांग को लेकर लोग सड़कों पर उतरने लगे हैं. शनिवार को वार्ड 34 के पंजाबी मोड़ आमरसोता इलाके में नेशनल हाइवे जाम के बाद रविवार को वार्ड 35 के निवासियों ने भी जोरदार विरोध प्रदर्शन किया.
सर्विस रोड और मंगलपुर मोड़ पर जाम
आसनसोल नगर निगम के रानीगंज बोरो कार्यालय अंतर्गत वार्ड 35 के लोगों ने रविवार सुबह मंगलपुर औद्योगिक क्षेत्र के मंगलपुर मोड़ पर सर्विस रोड जाम कर दिया. छुट्टी का दिन होने के बावजूद व्यस्त क्षेत्र में हुए प्रदर्शन से यातायात प्रभावित रहा.
प्रदूषण और गिरते जलस्तर से बढ़ी परेशानी
स्थानीय निवासियों ने बताया कि वे पहले से ही औद्योगिक इकाइयों के कारण वायु, ध्वनि और धूल प्रदूषण से जूझ रहे हैं. अब जल संकट ने स्थिति और कठिन बना दी है. उनका कहना है कि क्षेत्र के तालाब सूख रहे हैं और सरकारी कुओं का जलस्तर काफी नीचे चला गया है. सरकारी नल ही एकमात्र सहारा हैं, लेकिन उनमें भी जलापूर्ति अनियमित है. लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है.
पार्षद और बोरो चेयरमैन ने दिया भरोसा
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही वार्ड 35 की पार्षद अख्तरी खातून और रानीगंज बोरो चेयरमैन मोजम्मिल शहजादा मौके पर पहुंचे. उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाकर शांत किया और आश्वासन दिया कि जलापूर्ति सामान्य करने के लिए जल्द ठोस कदम उठाये जायेंगे. आश्वासन के बाद जाम हटाया गया और यातायात बहाल हुआ.
गर्मी को लेकर बढ़ी चिंता
हालांकि फिलहाल स्थिति सामान्य हो गयी है, लेकिन लोगों के मन में चिंता बरकरार है. फरवरी में ही जब पानी की ऐसी स्थिति है, तो भीषण गर्मी में हालात क्या होंगे, यह सवाल अब भी बना हुआ है. स्थानीय लोग प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










