चिंचुड़िया मोड़ पर लॉरी के धक्के से बचा बाइकर, वाहनों पर जनाक्रोश
Published by : GANESH MAHTO Updated At : 18 Feb 2026 12:52 AM
माल वाहन से बचने के चक्कर में बाइक से कूदा सवार, हल्का चोटिल
जामुड़िया. जामुड़िया थाने के केंदा फांड़ी क्षेत्र के चिंचुड़िया मोड़ के पास मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा होते-होते रह गया. एक तेज रफ्तार लॉरी ने ने मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. पर उसके चालक लखींदर दास (28) ने तत्परता दिखाते हुए कूद कर अपनी जान बचा ली, हालांकि इस कोशिश में उन्हें हल्की चोटें आयी हैं.
हादसे के बाद भारी तनाव, सड़क जाम
घायल लखींदर दास डोबराना गांव के निवासी हैं और स्थानीय खास केंदा में सब्जी विक्रेता का काम करते हैं.घटना की खबर फैलते ही स्थानीय दुकानदार और ग्रामीण आक्रोशित होकर सड़क पर उतर आए. प्रदर्शनकारियों ने बगड़िया और दरबाडांगा घाट से आ रहे दर्जनों बालू लदे ट्रकों को रोककर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. इस कारण लगभग आधे घंटे तक सड़क पूरी तरह बाधित रही और वाहनों की लंबी कतार लग गई.
पुलिस की कार्रवाई व आश्वासन
तनाव की सूचना मिलते ही केंदा फाड़ी प्रभारी मदन मोहन दत्ता और एसआई तापस कुमार घोष दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और सड़क से अवरोध हटवाया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल और लॉरी को जब्त कर फाड़ी ले गई है. घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए तुरंत बहादुरपुर स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया.
प्रशासन पर कोताही का आरोप
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि चिचुड़िया मोड़ से प्रतिदिन अनगिनत बालू लदे ट्रक अत्यधिक गति से गुजरते हैं, जिससे राहगीरों की जान हमेशा जोखिम में रहती है. यह क्षेत्र राष्ट्रीय राजमार्ग का एक महत्वपूर्ण मोड़ है और पास में ही स्कूल व घनी आबादी वाला बाजार है.इसके बावजूद यहां कोई ट्रैफिक पुलिस तैनात नहीं रहती. लोगों का कहना है कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण इस मोड़ पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है.
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही चिचुड़िया मोड़ पर स्थाई ट्रैफिक सिग्नल या पुलिस बल की तैनाती नहीं की गई, तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










