Bengal News: बारिश से बांकुड़ा बेहाल, कॉजवे डूबे, 30 गांवों का संपर्क कटा, बस सेवा बंद

Updated:
विज्ञापन

पुल पर से बहता पानी

बांकुड़ा में लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. कई कॉजवे पानी में डूब जाने से 30 गांवों का संपर्क पूरी तरह कट गया है, जिससे स्कूली छात्रों की पढ़ाई बाधित हो रही है.

विज्ञापन

बांकुड़ा से प्रणव वैरागी की रिपोर्ट

विज्ञापन

सोमवार को रुक-रुककर हुई बारिश के बाद मंगलवार सुबह से शुरू हुई मूसलधार बारिश ने पूरे बांकुड़ा जिले में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. मंगलवार शाम से बुधवार तड़के तक लगातार बारिश के कारण खेत-खलिहान जलमग्न हो गए हैं. कई नदियों और जलधाराओं का पानी खतरे के निशान के ऊपर बह रहा है. खेतों की मेड़, तालाब और डोभों के किनारे टूटने से बड़ी मात्रा में कृषि भूमि और जलाशयों का पानी बाहर निकल गया है.

30 गांवों का संपर्क पूरी तरह कटा

बड़जोड़ा ब्लॉक में शाली नदी के रनीयाड़ा स्थित कॉजवे पर करीब चार फीट ऊपर से पानी बह रहा है. इससे जंगल क्षेत्र के भीतर बसे करीब 25 से 30 गांवों का संपर्क लगभग पूरी तरह कट गया है. इस मार्ग पर चलने वाली दो यात्री बस सेवाएं सोमवार से बंद हैं. सबसे अधिक परेशानी स्कूल और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को हो रही है.

परीक्षा देने नहीं जा पाये छात्र

स्थानीय निवासी विद्युत सूर ने बताया कि शाली नदी के उत्तर में रामहरिपुर रामकृष्ण मिशन स्कूल और बिड़रा हाई स्कूल तथा दक्षिण में पीड़राबनी हाई स्कूल स्थित हैं. फिलहाल स्कूलों में परीक्षाएं चल रही हैं, लेकिन कॉजवे डूबने के कारण छात्र-छात्राएं परीक्षा केंद्रों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं. वैकल्पिक मार्ग से उन्हें करीब 25 से 30 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करना पड़ेगा.

वर्षों पुरानी है समस्या

ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से इस कॉजवे की समस्या बनी हुई है. उनका कहना है कि चुनाव के दौरान इसे तोड़कर ऊंचा और स्थायी पुल बनाने के वादे किए गए, लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हुआ. ग्रामीण अब स्थायी पुल निर्माण की मांग कर रहे हैं.

बड़ी संख्या में मालवाहक वाहन फंसे

इधर, मेजिया थाना क्षेत्र के माताबेल जोड़ का कॉजवे भी पानी में डूब गया है. मंगलवार से मेजिया-छातना वाया पहाड़-शुशुनिया मार्ग पर बड़ी संख्या में मालवाहक वाहन फंसे हुए हैं. बस सेवा बंद होने से कई गांवों का आवागमन प्रभावित हुआ है.

सड़कें पहले से ही थी जर्जर

औद्योगिक क्षेत्र में पानी के तेज बहाव से कई ग्रामीण सड़कें भी टूट गई हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि बालू और औद्योगिक मालवाहक वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़कें पहले से ही जर्जर थीं, जिसे बारिश ने और बदहाल कर दिया है.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पुल को बचाने में जुटे लोग

सोनामुखी के रामपुर में भी झुके हुए पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण आवागमन ठप हो गया है. स्थानीय लोग किसी तरह पुल को सुरक्षित रखने की कोशिश कर रहे हैं. लगातार बारिश के बीच जिले के कई इलाकों में लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं.

Also Read: पश्चिम बंगाल बनेगा देश का ‘सीड हब’, खुलेंगे चार कृषि प्रशिक्षण एवं अनुसंधान केंद्र

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola