आसनसोल में सड़क हादसा: मिनी बस की टक्कर से स्कूल वैन चालक की मौत, आठ बच्चे घायल

हादसे की शिकार वैन
आसनसोल के मुर्गासोल इलाके में एक भयानक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें स्कूल वैन चालक की मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे में स्कूल जा रहे करीब आठ बच्चे भी घायल हो गए, हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
आसनसोल से संतोष कुमार की रिपोर्ट
आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के मुर्गासोल इलाके में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल वैन चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूल जा रहे करीब आठ बच्चे घायल हो गए. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. मृतक की पहचान जयदेव मंडल (65 वर्ष) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह प्रतिदिन की तरह शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे कोलकाता बाय स्कूल के बच्चों को अपनी स्कूल वैन में बैठा रहे थे. इसी दौरान आसनसोल से रानीगंज की ओर जा रही एक तेज रफ्तार मिनी बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि जयदेव मंडल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
हादसे के समय बच्चों को वैन में बैठाया जा रहा था
हादसे के समय वैन में बैठे आठ बच्चे भी घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेजा गया. राहत की बात यह है कि सभी बच्चों को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शी जितेंद्र सिंह ने बताया कि जयदेव मंडल बच्चों को एक-एक कर वैन में बैठा रहे थे. तभी तेज गति से आई मिनी बस ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
बस जब्त, चालक फरार
घटना की सूचना मिलने पर आसनसोल दक्षिण थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूल वैन तथा मिनी बस को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार बस चालक की तलाश शुरू कर दी है. पूरे मामले की जांच जारी है. इस दर्दनाक हादसे के बाद मुर्गासोल इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोगों ने स्कूल समय के दौरान तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई और बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रभावी यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.
Also Read: पश्चिम बंगाल बनेगा देश का ‘सीड हब’, खुलेंगे चार कृषि प्रशिक्षण एवं अनुसंधान केंद्र
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By आशीष झा
डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










