ePaper

भाजयुमो के प्रदर्शन में जीटी रोड बना रणक्षेत्र

Updated at : 06 Jul 2019 1:41 AM (IST)
विज्ञापन
भाजयुमो के प्रदर्शन में जीटी रोड बना रणक्षेत्र

पुलिस बैरिकेड तोड़ते ही पुलिस ने किया लाठी चार्ज जवाब में प्रदर्शनकारियों ने किया भारी पथराव, तोड़फोड़ आंसू गैस की मदद से पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा आसनसोल : आसनसोल नगर निगम इलाके में विकास के राजनीतिकरण और सरकारी योजनाओं में कट मनी सहित विभिन्न मांगों के समर्थन में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का […]

विज्ञापन

पुलिस बैरिकेड तोड़ते ही पुलिस ने किया लाठी चार्ज

जवाब में प्रदर्शनकारियों ने किया भारी पथराव, तोड़फोड़
आंसू गैस की मदद से पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा
आसनसोल : आसनसोल नगर निगम इलाके में विकास के राजनीतिकरण और सरकारी योजनाओं में कट मनी सहित विभिन्न मांगों के समर्थन में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का नगर निगम मुख्यालय घेराव शुक्रवार को पुलिस के साथ संघर्ष में बदल गया. 200 मीटर तक जीटी रोड रणक्षेत्र में बदल गया.
संगठन के कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने पुलिस की बैरिकेड तोड़ दी. पुलिस ने लाठी चार्ज कर खदेड़ने का प्रयास किया, तो कार्यकर्ताओं ने भारी पथराव किया और पुलिस को पीछे खदेड़ दिया. बाद में दर्जनों अश्रु गैस का उपयोग कर पुलिस बल ने उन्हें इलाके से खदेड़ा.
प्रदर्शनकारियों ने हीरापुर पुलिस के वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया. इस संबंध में आसनसोल साउथ थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. लाठी चार्ज में कई प्रदर्शनकारी तथा पथराव में पुलिसकर्मी घायल हो गये. सड़क के किनारे की सभी दुकानें बंद हो गयीं.
क्या है घटना :
आसनसोल नगर निगम मुख्यालय परिसर में नगर निगम प्रशासन ने रक्तदान शिविर आयोजित कर रखा था. टकराव को टालने के लिए पुलिस ने पूरे इलाके में बैरिकेडिंग कर रखी थी.
नगर निगम कर्मियों, उनके समर्थन में आये तृणमूल कार्यकर्ताओं के साथ टकराव रोकने के लिए पुलिस ने आश्रम मोड़ से लेकर लोकोग्राउंड मोड़ तक सात स्थानों पर बैरिकेडिंग कर रखी थी. वाहनों का आवागमन डायवर्ट कर दिया गयाथा. भाजयुमो कार्यकर्ता गिरजा मोड़ पर शामिल हुए. पुलिस की तैयारी को देखते हुए उन्होंने अपना प्रदर्शन विलंब से शुरू किया.
प्रदेश अध्यक्ष देवजीत सरकार तथा जिलाध्यक्ष अरिजीत राय के नेतृत्व में करीब तीन हजार कार्यकर्ताओं का जुलूस पूरे जोश से गिरजा मोड़ से शुरू हुआ. पुलिस ने हॉट्टन रोड मोड़ पर लगी बैरिकेडिंग को हटा दिया. प्रदर्शनकारी सुभाष इंस्टीच्यूट के पास लगे बेरिकेट के पास पहुंच गये. सामने से पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) सायन दास के नेतृत्व में मोर्चा संभाल रखा था. प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ने का प्रयास किया.
पुलिस के प्रतिरोध करने के बावजूद कुछ ही समय में बैरिकेड टूट गया तथा प्रदर्शनकारी नगर निगम मुख्यालय की ओर दौड़ने लगे. जहां नगर निगम कर्मी तथा उनके समर्थन में आये तृणमूल कार्यकर्ताओं किसी भी स्थिति से निपटने को तैयार थे. स्थिति नियंत्रण के लिए पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया. इसके बाद प्रदर्शनकारियों में भगदड़ मच गयी. कुछ दूर भागने के बाद प्रदर्शनकारियों ने मोर्चा संभाल लिया तथा पुलिस पर भारी पथराव शुरू कर दिया.
पुलिसकर्मियों को पीछे हटना पड़ा. लेकिन पुलिस ने फिर से मोर्चा संभाला. दर्जनों आंसू गैस के गोले छोड़े गये. इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने मोर्चा छोड़ना शुरू किया. धीरे-धीरे पुलिस बल ने उन्हें हॉट्टन रोड तक खदेड़ दिया. बीच-बीच में आंसू गैस के गोले दागे जाते रहे. भागते समय प्रदर्शनकारियों ने हीरापुर थाना के वाहन को पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया. पथराव तथा लाठी चार्ज में कई पुलिसकर्मी तथा प्रदर्शनकारी घायल हुए. 40 मिनट तक चले संघर्ष के बाद स्थिति सामान्य होने लगी.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola