पानी सप्लाई को लेकर दो गांवों में बनी टकराव की स्थिति
Updated at : 01 Oct 2018 2:53 AM (IST)
विज्ञापन

आसनसोल/रूपनारायणपुर : लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचइडी) के कल्याणेश्वरी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के एथोड़ा पानी टंकी से 20 नंबर वार्ड के मरीचकोटा गांव में पानी सप्लाई को लेकर स्थानीय लोगों का पिछले सात दिनों से चल रहा विरोध जारी है. मरीचकोटा के निवासियों ने रविवार को पीएचईडी मंत्री मलय घटक से मुलाकात की. उन्होंने आश्वासन […]
विज्ञापन
आसनसोल/रूपनारायणपुर : लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचइडी) के कल्याणेश्वरी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के एथोड़ा पानी टंकी से 20 नंबर वार्ड के मरीचकोटा गांव में पानी सप्लाई को लेकर स्थानीय लोगों का पिछले सात दिनों से चल रहा विरोध जारी है. मरीचकोटा के निवासियों ने रविवार को पीएचईडी मंत्री मलय घटक से मुलाकात की. उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मुद्दे पर वे जिलाशासक से बात कर तत्काल समाधान का समाधान करेंगे.
प्रशासनिक स्तर पर भी इसकी जांच शुरू की गई. जांच में पाया गया कि मरीचकोटा में यह कनेक्शन अवैध रूप से 15 वर्ष पूर्व दिया गया. इस टंकी से नगर निगम इलाके मे जल सप्लाई नहीं हो सकती है. इसे ग्रामीण क्षेत्र में जल वितरण करने के लिए बनाया गया है. फिलहाल नगर निगम प्रशासन के स्तर से प्रतिदिन चार टैंकर पानी की सप्लाइ हो रही है. रविवार तक ही सप्लाई का आदेश था. सोमवार को इसकी अवधि नहीं बढ़ाई गयी तो मरीचकोटा के लोगों के लिए पानी की भीषण समस्या उत्पन्न हो जायेगी.
सनद रहे कि वर्ष 1972 में निर्मित एथोड़ा टंकी में प्रतिदिन पीएचईडी के कल्याणेश्वरी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से चार लाख 50 हजार लीटर पानी सप्लाई की जाती है. टंकी से नगर निगम क्षेत्र के मरीचकोटा गांव में पाइपलाइन गई है. इसका वाल्व खराब हो जाने से पीएचईडी के कर्मी इसकी मरम्मत करने गये. एथोड़ा के ग्रामीणों के अनुसार मरम्मत न कर वहां से नई पाइप जोड़कर मरीचकोटा को पानी भेजने का कार्य आरंभ किया. नई पाइप से ज्यादा पानी मरीचकोटा चला जायेगा. एथोड़ा के लोगों को पानी नहीं मिलेगा.
ग्रामीणों ने कार्य करने से रोक दिया. इससै नाराज होकर मरीचकोटा के निवासियों ने उनके इलाके से होकर एथोड़ा जानेवाली बिजली की लाइन का जम्पर गिराकर एथोड़ा गांव की बिजली सप्लाई बंद कर दी. दोनों गांव के बीच तनाव उत्पन्न हो गया. बिजली विभाग ने एथोड़ा गांव में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी.
लेकिन पानी को लेकर एथोड़ा के लोग विरोध पर अड़े रहे. शनिवार को इस मुद्दे पर पुलिस और प्रशासन की उपस्थिति में पंचायत प्रधान मिठू भट्टाचार्य ने दोनों गांव के लोगों को लेकर बैठक की लेकिन बैठक बे नतीजा रहा. इसके उपरांत रविवार को मारीचकोटा के लोगों ने मंत्री मलय घटक से मुलाकात की और अपनी समस्या से उन्हें अवगत कराया.
ढाई हजार लोगों के समक्ष समस्या
मारीचकोटा गांव में ढ़ाई हजार की आवादी है. यहां पानी का एकमात्र साधन पीएचईडी का सप्लाई लाइन है. पार्षद श्रावणी मंडल ने बताया कि यहां पानी की समस्या को देखते हुए नगर निगम से दो सब मर्सबल पम्प लगाया गया था. बिजली विभाग का केबल कार्य चलने के कारण दोनों पम्पों का लाइन कट गई है. एकमात्र सहारा पीएचईडी का पानी ही है. पिछले 12 दिनों से पानी सप्लाइ बंद है.
पानी की लाइन वैध है : मलय
राज्य के पीएचईडी मंत्री श्री घटक ने कहा कि एथोड़ा से जो पाइपलाइन मरीचकोटा में आई है, वह लाइन बैध है. मरीचकोटा पहले ग्रामीण क्षेत्र था. उस दौरान ही यहां एथोड़ा टंकी से पाइप लाइन बिछाई गई थी. यह क्षेत्र नगर निगम में आ गया. एथोड़ा यदि नगर निगम में आ जाय तो उसे पानी वहीं से मिलेगा. नगर निगम को भी इस मुद्दे पर पहल करनी होगी, क्योंकि क्षेत्र नगर निगम का है.
साढ़े चार सौ करोड़ रुपये की लागत से आसनसोल सैटेलाइट टाउनशिप एरिया अग्मेंटेशन प्रोजेक्ट का कार्य चल रहा है. जिसके तहत छह नई टंकी सुईडी, सेनरेले, ब्लू फैक्ट्री, कल्ला आदि में बनाने का कार्य आरंभ हुआ है. इनके बन जाने से पानी की समस्या इन इलाकों में समाप्त हो जाएगी.
नगर निगम पानी देगा : पूर्ण शशि
आसनसोल नगर निगम के मेयर परिषद सदस्य (जल वितरण) पूर्णशशि राय ने बताया कि मरीचकोटा में पानी की समस्या को देखते हुए ननि प्रशासन ने टैंकर से पानी आपूर्ति करने का आदेश दिया था. यह आदेश रविवार तक का था. सोमवार को कार्यालय खुलने पर इस मुद्दे पर मेयर से बात की जाएगी और वहां पानी आपूर्ति कराने को लेकर नए सिरे से निर्णय लिया जायेगा.उन्होंने कहा कि पानी की समस्या निगम क्षेत्र के लोगों को नहीं होने दी जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




