यूपी में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश की संभावना, 10 जिलों में अलर्ट, नदियां पहले से उफान पर

Updated:
विज्ञापन

मौसम विभाग ने 10 जिलों के लिए जारी किया अलर्ट

उत्तर प्रदेश में जारी भारी बारिश से 26 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं और 3.53 लाख लोग प्रभावित हैं. मौसम विभाग ने 10 जिलों के लिए आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है. अगले पांच दिनों तक भारी बारिश की संभावना है.

विज्ञापन

Uttar Pradesh Weather : उत्तर प्रदेश में मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है. जन्माष्टमी के दिन भी कई जगह जमकर बारिश हुई. गंगा-यमुना समेत 10 से ज्यादा नदियां उफान पर हैं और 26 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. इससे 3.53 लाख लोग प्रभावित हैं. अब तक 17,544 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है, जबकि 4,847 लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं. मौसम विभाग ने शनिवार को सहारनपुर से लेकर ललितपुर समेत 10 जिलों में बारिश और आंधी का यलो अलर्ट जारी किया है. बाढ़ प्रभावित इलाकों में बारिश होने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं.

विज्ञापन

नोएडा में सुबह से बारिश, गर्मी से मिली राहत

नोएडा में शनिवार सुबह से आसमान में बादल छाए हैं और बारिश हो रही है. करीब एक घंटे से कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश का सिलसिला जारी है. बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट देखने को मिली. नोएडा में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम तापमान 30 डिग्री रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक पूरे दिन मौसम ठंडा और सुहावना बना रह सकता है. बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है.

गाजियाबाद में रुक-रुककर बारिश

गाजियाबाद में शनिवार सुबह से बारिश हो रही है. सुबह तेज बारिश के बाद अब रुक-रुककर हल्की बारिश जारी है. लगातार बारिश के चलते मौसम ठंडा हो गया है और तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है. शुक्रवार को भी शहर में बारिश हुई थी. शनिवार को दिनभर बारिश होने की संभावना जतायी जा रही है.

ग्रेटर नोएडा में बारिश से बदला मौसम

ग्रेटर नोएडा में सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही. बारिश की फुहारों से मौसम सुहावना हो गया. कई इलाकों में बादलों की घनी चादर छायी रही. हल्की बारिश के कारण तापमान में गिरावट महसूस की गयी. मौसम सुहावना होने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली.

आज इन 10 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 5, 6 और 7 सितंबर को भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. शनिवार को ललितपुर, सहारनपुर, बिजनौर, महामायानगर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा और झांसी में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गयी है. इन जिलों में आंधी-तूफान जैसे हालात भी बन सकते हैं.

प्रयागराज में जलमग्न हुए लेटे हनुमानजी

प्रयागराज में गंगा और यमुना उफान पर हैं. शुक्रवार को लगातार छठे दिन लेटे हुए हनुमानजी जलमग्न रहे. मंदिर चारों तरफ से पानी से घिरा है और गर्भगृह भी डूब चुका है. वाराणसी और उन्नाव की गलियों में नावें चलीं. चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर घटने के बाद सड़कों पर कीचड़ हो गया. पिछले 24 घंटे में प्रदेश के 63 जिलों में बारिश दर्ज की गयी. सबसे ज्यादा 49.8 मिमी बारिश ललितपुर में हुई.

अगले पांच दिनों तक भारी बारिश की संभावना

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से उठा कम दबाव का क्षेत्र आगे बढ़कर उत्तरी-पूर्वी मध्य प्रदेश के पास पहुंच गया है. इसके साथ ही हवा का एक चक्रवात उत्तरी हरियाणा के ऊपर बना हुआ है. इन दोनों वजहों से यूपी में मानसून बहुत मजबूत हो गया है. अगले पांच दिनों तक पूरे प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है.

Also Read : सहारनपुर में मस्जिद ध्वस्त होते ही सियासी घमासान, ओवैसी बोले- ‘खुन्नस मिटाने के लिए बुलडोजर क्यों?, तकलीफ है तो नजर फेर लो

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola