सर्किट हाउस में नमाज पर विवाद, वायरल वीडियो के बाद सपा नेता हाजी उस्मान पर मुकदमा
सपा नेता हाजी उस्मान
मुरादाबाद में सर्किट हाउस में नमाज पढ़ने का वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है. हिंदू संगठनों के विरोध के बाद सपा नेता हाजी मोहम्मद उस्मान के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. सरकारी परिसर में नमाज पढ़ने को लेकर विवाद गहरा गया है.
UP News: मुरादाबाद में बिलारी से सपा विधायक मो. फहीम के चाचा हाजी मोहम्मद उस्मान के खिलाफ सर्किट हाउस में नमाज पढ़ने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है. सर्किट हाउस परिसर में नमाज पढ़ने से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद हिंदू संगठनों ने इसका विरोध किया. इसके बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मझोला थाना पुलिस ने हाजी मोहम्मद उस्मान के खिलाफ FIR दर्ज की है.
PWD की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
मामले में सर्किट हाउस प्रभारी और अवर अभियंता अनित कुमार ने पुलिस को तहरीर दी. इसके आधार पर मझोला थाना पुलिस ने हाजी मोहम्मद उस्मान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285 और 292 के तहत नामजद मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने FIR दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है. आरोप है कि सर्किट हाउस में गाड़ी खड़ी कर नमाज पढ़ी गई, जिससे वहां आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हुई.
सपा नेताओं की बैठक के बाद सामने आया वीडियो
हाजी मोहम्मद उस्मान सपा के जिला उपाध्यक्ष हैं. बताया गया कि सपा के नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद लाल बिहारी यादव सर्किट हाउस पहुंचे थे. यहां उन्होंने एमएलसी चुनाव को लेकर सपा नेताओं के साथ बैठक की थी. इसके बाद सर्किट हाउस में नमाज पढ़ने से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया. वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया और हिंदू संगठनों ने विरोध जताया.
VHP ने भी जताई आपत्ति
मामले पर विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने भी सवाल उठाए हैं. VHP की केंद्रीय प्रबंधन समिति के सदस्य डॉ. राजकमल गुप्ता ने इसे 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा की ओर से अपने वोट बैंक को एक खास संदेश देने की कोशिश बताया. उन्होंने सरकारी परिसर में दरी बिछाकर खुले में नमाज पढ़े जाने पर सवाल उठाए. फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की कानूनी जांच की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए