यूपी सरकार दे रही 50 किलो चीनी के पैकेट पर भारी छूट, जानें कैसे उठाएं सस्ते रेट का फायदा
यूपी में योगी सरकार ने सस्ती चीनी का किया ऐलान
UP News: उत्तर प्रदेश सरकार ने महंगाई से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत दी है. लखनऊ में अब सरकारी बिक्री केंद्रों पर चीनी केवल 52 रुपये प्रति किलो की दर से मिल रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यह व्यवस्था शुरू की गई है, ताकि आम आदमी तक सस्ती चीनी पहुंचे.
UP News: चीनी की बढ़ती कीमतों के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने राजधानी के लोगों को राहत देने के लिए खास व्यवस्था शुरू की है. बाजार में जहां चीनी 60 से 65 रुपये किलो तक बिक रही है, वहीं लखनऊ में सरकारी बिक्री केंद्र पर इसे 52 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध कराया जा रहा है.
सीएम योगी के निर्देश पर शुरू हुई व्यवस्था
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग ने आम लोगों को कम कीमत पर चीनी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है. यह सुविधा फिलहाल सिर्फ लखनऊ में शुरू की गई है. इसके लिए लाल बहादुर शास्त्री गन्ना किसान संस्थान परिसर में स्थित चीनी निगम/सहकारी चीनी मिल संघ के चीनी विक्रय केंद्र को निर्धारित किया गया है.
रोजाना कार्यदिवस में होगी बिक्री
विभाग के मुताबिक, सस्ती चीनी की यह बिक्री किसी एक दिन या विशेष अवधि तक सीमित नहीं है. हर कार्यदिवस नियमित रूप से बिक्री की जाएगी. राजधानी के लोग सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच बिक्री केंद्र पर जाकर अपनी जरूरत के हिसाब से चीनी खरीद सकते हैं.
1 और 2 किलो के पैकेट की यह है कीमत
बिक्री केंद्र पर उपभोक्ताओं के लिए अलग-अलग वजन के पैकेट उपलब्ध कराए गए हैं. 1 किलो का पैकेट 52 रुपये और 2 किलो का पैकेट 102 रुपये में मिलेगा. यानी लोग अपनी दैनिक जरूरत के अनुसार चीनी खरीद सकते हैं.
5 और 50 किलो के पैकेट पर भी सुविधा
जिन लोगों को ज्यादा मात्रा में चीनी की जरूरत है, उनके लिए 5 किलो और 50 किलो के पैकेट भी रखे गए हैं. इनकी कीमत क्रमशः 250 रुपये और 2500 रुपये तय की गई है. विभाग ने उपभोक्ताओं की सुविधा और खरीदारी को आसान बनाने के लिए बिक्री केंद्र पर जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं.
लखनऊ के लोगों से ज्यादा से ज्यादा लाभ लेने की अपील
गन्ना विकास विभाग ने राजधानी के नागरिकों से इस व्यवस्था का अधिक से अधिक फायदा उठाने की अपील की है. विभाग का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में आम लोगों को इसी तरह व्यावहारिक राहत देने के लिए आगे भी काम किया जाएगा.
15 दिन पहले सीएम योगी ने बताई थी चीनी की उपलब्धता
सस्ती चीनी की व्यवस्था शुरू होने से करीब 15 दिन पहले, 22 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में चीनी की उपलब्धता को लेकर समीक्षा बैठक की थी. उन्होंने प्रदेशवासियों को भरोसा दिलाया था कि राज्य में चीनी की कोई कमी नहीं है और लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है.
सरकारी और निजी मिलों में इतना स्टॉक
सीएम योगी ने बताया था कि प्रदेश की चीनी मिलों में कुल 179.38 लाख कुंतल चीनी का भंडार उपलब्ध है. इसमें सहकारी चीनी मिलों में 23.60 लाख कुंतल, निगम की चीनी मिलों में 5.28 लाख कुंतल और निजी चीनी मिलों में 150.50 लाख कुंतल चीनी उपलब्ध थी.
अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने चीनी की कमी को लेकर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए थे. साथ ही उन्होंने भारत सरकार के निर्देशों का हवाला देते हुए चीनी के स्टॉक को लेकर तय सीमा का पालन सुनिश्चित करने को कहा था.
डीलर 30 दिन से ज्यादा का स्टॉक नहीं रख सकेंगे
निर्देशों के मुताबिक कोई भी डीलर 30 दिन से ज्यादा का चीनी भंडार नहीं रख सकेगा. इसके अलावा एक समय में 400 टन से अधिक चीनी का भंडारण भी नहीं किया जा सकेगा.
थोक उपभोक्ताओं के लिए भी तय है सीमा
प्रति माह 10 मीट्रिक टन चीनी की खपत करने वाले थोक उपभोक्ता भी 15 दिन से अधिक का स्टॉक नहीं रख सकेंगे. सरकार का उद्देश्य चीनी की उपलब्धता बनाए रखना और बाजार में अनावश्यक कमी या जमाखोरी की स्थिति को रोकना है.
Also Read: UP Census 2027: यूपी विधानसभा चुनाव से पहले बदला जनगणना का शेड्यूल, 1 दिसंबर से शुरू होगी घर-घर गणना
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए