लखनऊ में दरोगा की दबंगई! भाजपा बूथ अध्यक्ष का पिस्टल की बट से फोड़ा सिर, गर्भवती महिला को मारी लात
लखनऊ में दरोगा ने भाजपा बूथ अध्यक्ष का पिस्टल की बट से फोड़ा सिर (AI)
लखनऊ में पुलिस की बर्बरता का मामला सामने आया है, जिसमें एक दरोगा पर भाजपा बूथ अध्यक्ष को पिस्टल की बट से पीटने का आरोप है. मारपीट में बूथ अध्यक्ष का सिर फट गया और गर्भवती पत्नी को भी लात मारी गई. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है.
Lucknow News: लखनऊ में खाकी की दबंगई का ऐसा आरोप सामने आया है, जिसने कानून के रखवालों पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं. आरोप है कि बंथरा थाने में तैनात दरोगा सचिन यादव ने भाजपा बूथ अध्यक्ष को पिस्टल की बट से इस कदर पीटा कि उसका सिर फट गया. भाई उसे बचाने पहुंचा तो उस पर भी लाठियां बरसाने का आरोप है. इतना ही नहीं, पीड़ित की गर्भवती पत्नी भी कथित मारपीट से नहीं बच सकी और उसे लात मारने का आरोप लगा है. इस पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है.
दुकान लगाने को लेकर हुआ था विवाद
यह मामला बंथरा थाना क्षेत्र का है. भाजपा बूथ अध्यक्ष अरविंद रावत का बुधवार दिन में पड़ोसी से दुकान लगाने को लेकर झगड़ा हो गया था. अरविंद शिकायत लेकर थाने गए तो पुलिस ने जांच की बात कहकर टाल दिया. शाम को दूसरा पक्ष भी थाने पहुंच गया. आरोप है कि इसके बाद रात करीब 11 बजे दरोगा सचिन यादव अपनी टीम के साथ अरविंद के घर पहुंच गए. बिना पूछताछ के ही दरोगा ने अरविंद के सिर पर पिस्टल की बट से वार कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया और खून बहने लगा.
भाई को पीटा, पत्नी के पेट पर लात मारी
अरविंद को बचाने के लिए जब उनका भाई आगे आया तो पुलिस टीम ने उसे भी लाठियों से बेरहमी से पीट दिया. आरोप है कि बीच-बचाव करने आई अरविंद की पत्नी के पेट पर भी लात मार दी, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ी.
एसीपी से शिकायत, वीडियो वायरल
पीड़ित बूथ अध्यक्ष अरविंद रावत ने गुरुवार दोपहर एसीपी से मिलकर पूरे मामले की शिकायत की है. इसी बीच बुधवार रात पुलिस टीम के घर में घुसकर मारपीट करने के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं. वीडियो सामने आने के बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है. पीड़ित ने दरोगा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
यह भी पढ़ें: गोंडा SP पर भड़के मंत्री संजय निषाद, बोले- 'इतना फोर्स क्यों?' पुलिस वहां लगाओ जहां विरोधी कुछ न कर पाएं
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए