बिजली बिल से पाना है छुटकारा? घर की छत पर लगवाएं सोलर पैनल, सरकार दे रही हजारों की सब्सिडी, जानें आवेदन का तरीका
घर की छत पर सोलर पैनल लगवाकर बिजली बिल में बचत करें
UP News: सरकार घरों की छतों पर सोलर पैनल लगवाने के लिए सब्सिडी दे रही है. मीरजापुर में 9 हजार से ज्यादा घरों में सोलर पैनल लग चुके हैं और 18 हजार से ज्यादा आवेदन आए हैं. यह सब्सिडी 31 मार्च 2027 तक उपलब्ध है, इसलिए जल्द आवेदन करें.
UP News: अगर आप भी अपने घर की छत पर सोलर पैनल लगवाने की सोच रहे हैं तो आवेदन में ज्यादा देर न करें. सरकार की ओर से सौर ऊर्जा पैनल लगाने पर मिलने वाला अनुदान फिलहाल 31 मार्च 2027 तक ही उपलब्ध है. हालांकि, इसकी अवधि आगे बढ़ाए जाने की संभावना भी जताई जा रही है.
मीरजापुर में 9 हजार से ज्यादा घरों पर लगा सोलर पैनल
विंध्य क्षेत्र में लोग अब सिर्फ बिजली की खपत करने वाले नहीं, बल्कि बिजली उत्पादन में भी आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. मीरजापुर में अब तक 9,147 लोगों के घरों में सोलर पैनल लगाया जा चुका है. इससे लोगों को बिजली के खर्च में राहत मिल रही है और सौर ऊर्जा को भी बढ़ावा मिल रहा है.
18 हजार से ज्यादा लोगों ने किया आवेदन
उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (नेडा) की ओर से जिले में ऑनलाइन आवेदन करने वाले लोगों के घरों पर सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं. शुभम कुमार के मुताबिक, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत जिले में अब तक 18,412 से ज्यादा लोगों ने आवेदन किया है. इनमें से 18,128 वेंडरों का चयन भी हो चुका है. यानी बड़ी संख्या में आवेदनों पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है.
23.81 मेगावाट का सोलर प्लांट, रोज बन रही 1.30 लाख यूनिट बिजली
जिले में अब तक करीब 23.81 मेगावाट क्षमता का सोलर प्लांट लगाया जा चुका है. इससे हर दिन लगभग 1 लाख 30 हजार यूनिट बिजली तैयार हो रही है. इसका सीधा फायदा यह है कि घरों में सौर ऊर्जा का इस्तेमाल बढ़ रहा है और लोगों को बिजली के भारी-भरकम बिल से राहत मिल रही है. साथ ही बिजली विभाग पर मांग के मुताबिक बिजली की आपूर्ति और अधिक उत्पादन का दबाव भी कम हो रहा है.
मां विंध्यवासिनी धाम समेत घरों को मिल रही सौर ऊर्जा की रोशनी
सौर ऊर्जा का इस्तेमाल बढ़ने से विश्व प्रसिद्ध मां विंध्यवासिनी धाम के साथ-साथ विंध्य क्षेत्र के लोगों के घर भी सौर ऊर्जा से रोशन हो रहे हैं. घरों की छत पर सोलर प्लांट लगाने से लोग बिजली की जरूरत के लिए वैकल्पिक ऊर्जा स्रोत अपना रहे हैं.
31 मार्च के बाद क्या होगा?
फिलहाल विभागीय पोर्टल पर 31 मार्च 2027 के बाद अनुदान बंद होने की सूचना दी गई है. हालांकि, योजना की अवधि बढ़ाए जाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है. ऐसे में जो लोग घर की छत पर सोलर पैनल लगवाना चाहते हैं, उनके लिए मौजूदा अवधि में आवेदन करना बेहतर रहेगा. सौर ऊर्जा प्लांट लगाने के लिए इच्छुक लोग ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और योजना के तहत मिलने वाले सरकारी अनुदान का लाभ उठा सकते हैं.
Also Read:गोंडा जाने निकले अजय राय, रास्ते में अचानक पुलिस ने रोका... फिर थाने ले गई, जानें क्या है पूरा मामला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए