शाहजहांपुर में खाकी का काला कारनामा: सराफा व्यापारी को स्मैक में फंसाकर वसूले 2 लाख, 4 सिपाही सस्पेंड, 2 हिरासत में

Updated:
विज्ञापन

सराफा व्यापारी को स्मैक में फंसाकर वसूले 2 लाख, 4 सिपाही सस्पेंड

UP News: शाहजहांपुर में खाकी का शर्मनाक चेहरा सामने आया है, जहां चार सिपाहियों ने एक सराफा व्यापारी को स्मैक तस्करी के झूठे आरोप में फंसाया. पैसे ऐंठने के लिए उसे बेरहमी से पीटा गया और 2 लाख रुपये की रंगदारी वसूल की गई.

विज्ञापन

UP News: जिले में पुलिस का इकबाल नहीं, वसूली का तांडव चल रहा है. परशुरामपुरी (जलालाबाद) के एक सराफा व्यापारी को किडनैप कर बिरियागंज चौकी पर बंधक बनाकर पीटने और उसकी बाइक में खुद स्मैक रखकर फर्जी बरामदगी का वीडियो बनाकर 2 लाख रुपये की रंगदारी वसूलने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है. एसपी के आदेश पर तिलहर थाने के चारों आरोपी सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया गया है, जबकि दो सिपाहियों को हिरासत में ले लिया गया है. फरार दो अन्य की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है.

विज्ञापन

क्या है पूरा मामला - FIR की जुबानी

मामला परशुरामपुरी (जलालाबाद) थाना क्षेत्र का है. मोहल्ला कानूनगोयान निवासी सुंदरम क्षत्रिय की बुधवाना बाजार में मंगलम ज्वेलर्स के नाम से दुकान है. सुंदरम के मुताबिक 4 सितंबर की रात 8 बजे उसे एक नंबर से फोन कर जेवर गिरवी रखने की बात कही गई. मना करने पर उसे बहाने से जलालाबाद के सरैया मोड़ पर बुलाया गया. आरोप है कि वहां पहले से दो बाइकों पर सिविल ड्रेस में तिलहर थाने के 4 सिपाही मौजूद थे. चारों ने उसे अंधेरे में ले जाकर तलाशी ली और अपनी जेब से पॉलिथीन निकालकर उसकी बाइक में रख दी और बोले "तुम स्मैक की तस्करी करते हो."

पेट्रोल डालने की धमकी, फिर 2 लाख में सौदा

पीड़ित के मुताबिक बिरियागंज चौकी पर ले जाकर चारों ने उसे बुरी तरह पीटा और मादक पदार्थ बरामदगी का फर्जी वीडियो बनाया. सुंदरम का आरोप है कि सिपाहियों ने उसके गुप्तांग मे पेट्रोल डालने की धमकी तक दी. काफी मिन्नतें करने पर 3 लाख की मांग की गई, जो 2 लाख में तय हुई. रात करीब 1.30 बजे उसके परिजनों को बुलाकर 2 लाख रुपये वसूलने के बाद ही उसे छोड़ा गया और धमकी दी गई कि शिकायत की तो दोबारा जेल भेज देंगे. पीड़ित ने 6 सितंबर को परशुरामपुरी (जलालाबाद)थाने में तहरीर दी, जिस पर चार सिपाहियों समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है. पीड़ित का कहना है कि उसके पास घटना की ऑडियो रिकॉर्डिंग और CCTV फुटेज भी मौजूद है.

महकमे में हड़कंप, पहला मामला नहीं

एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल चारों सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया है. दो सिपाहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि दो अन्य की तलाश में टीम दबिश दे रही है. बताया जा रहा है कि तिलहर और जैतीपुर सर्किल में यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले जैतीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गौरा बकैनिया निवासी सर्वेश सिंह को एक साल पहले खाद की बोरी लेने आए जैतीपुर कस्बे से दो सिपाहियों ने पकड़कर कच्ची शराब बेचने के फर्जी आरोप में जेल भेज दिया था. फिलहाल पीड़ित व्यापारी ने उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है, वहीं जनपद में पुलिस की इस वसूली गैंग की चर्चा जोरों पर है.

शाहपुरजहां से पवन तोमर की रिपोर्ट

Also Read: UP Flood: बलिया में बाढ़ के पानी ने मचाया मातम, टेकार पुलिया के पास नहाने गए चार युवक डूबे, दो की मौत, दो को ग्रामीणों ने बचाया

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola