BALLIA BREAKING: नफरेपुर में मिट्टी की दीवार बनी काल, बिस्कुट लेकर लौट रही पांच वर्षीय बच्ची पर भरभराकर गिरी दीवार, मौत
बिस्कुट लेकर लौट रही पांच वर्षीय बच्ची पर भरभराकर गिरी दीवार(AI)
UP News: नफरेपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना में, 5 साल की कीर्ति राजभर की मिट्टी की दीवार गिरने से मौत हो गई. वह किराने की दुकान से बिस्कुट खरीदकर लौट रही थी. घटना के बाद प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और मुआवजे की मांग की गई है.
UP News: बलिया जनपद के चिलकहर क्षेत्र अंतर्गत नफरेपुर गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पांच वर्षीय बच्ची की मौत हो गयी. किराने की दुकान से बिस्कुट लेकर घर लौट रही बच्ची के ऊपर रास्ते में मौजूद पुरानी मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर गिर गयी. बच्ची दीवार के मलबे के नीचे दब गयी. ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन रसड़ा चिकित्सालय ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी. हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया.
दुकान से बिस्कुट लेकर लौट रही थी कीर्ति
बताया गया कि नफरेपुर गांव में पांच वर्षीय कीर्ति राजभर पुत्री हरकेश राजभर पड़ोस की किराने की दुकान पर बिस्कुट लेने गयी थी. दुकान से लौटते समय उसके साथ एक अन्य बच्ची भी थी. दूसरी बच्ची आगे निकल गयी, जबकि कीर्ति पीछे रह गयी. इसी दौरान रास्ते में मौजूद पुरानी और मोटी मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी. कीर्ति कुछ समझ पाती, इससे पहले ही वह मलबे के नीचे दब गयी.
बुजुर्ग महिला के शोर मचाने पर दौड़े ग्रामीण
हादसे के बाद एक बुजुर्ग महिला ने शोर मचाया. आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गये. ग्रामीणों ने तत्काल मिट्टी हटाने का काम शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद बच्ची को मलबे से बाहर निकाला गया. बच्ची की हालत गंभीर देखते हुए ग्रामीण उसे तत्काल रसड़ा चिकित्सालय लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
नाना-नानी के गांव आयी थी कीर्ति
परिजनों के अनुसार कीर्ति राजभर अपने नाना-नानी के गांव नफरेपुर आयी हुई थी. उसका मूल निवास नसीरपुर कला बताया गया है. मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी ली. अधिकारियों ने घटना के संबंध में स्थानीय लोगों और परिजनों से जानकारी जुटायी.
ग्रामीणों ने मांगा 10 लाख रुपये मुआवजा
मासूम की मौत के बाद ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि परिवार को कम से कम 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाना चाहिए, ताकि इस मुश्किल घड़ी में परिजनों को कुछ राहत मिल सके.
एक मासूम की मौत ने गांव को झकझोरा
जिस बच्ची के हाथ में कुछ देर पहले बिस्कुट का पैकेट था, वही पुरानी मिट्टी की दीवार के मलबे के नीचे दब गयी. हादसे ने गांव के लोगों को झकझोर दिया है. पुरानी और जर्जर दीवारों को लेकर ग्रामीणों में अब डर का माहौल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए