प्रेमी के लिए टावर पर चढ़ी महिला, बोली- 'पति के साथ रहूंगी, प्रेमी को भी नहीं छोड़ूंगी'

प्रेमी के लिए टावर पर चढ़ी महिला ( AI सांकेतिक तस्वीर)
UP News: बरेली के आंवला में एक विवाहित महिला प्रेम प्रसंग को लेकर 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई. उसने अपने प्रेमी को बुलाने की मांग रखी, जिसके बाद घंटों तक चले हंगामे के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया.
UP News: बरेली के आंवला क्षेत्र में शुक्रवार को प्रेम प्रसंग को लेकर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विवाहित महिला करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई. महिला ने नीचे उतरने से इनकार करते हुए अपने प्रेमी को बुलाने की मांग रखी. सूचना मिलने पर पुलिस, दमकल और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची. कई घंटे तक चले समझाने-बुझाने और परिजनों से बातचीत के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतारा गया.
डायल 112 पर फोन कर लगाए प्रताड़ना के आरोप
रामनगला गांव की रहने वाली महिला शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे टावर पर चढ़ गई. टावर पर पहुंचने के बाद उसने डायल-112 पर फोन कर पति और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया. सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर वीनू चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. एहतियात के तौर पर दमकल और एंबुलेंस भी बुलाई गई. पुलिस लगातार फोन के जरिए महिला को समझाने की कोशिश करती रही, लेकिन वह अपनी मांगों पर अड़ी रही.
दिल्ली से बुलाया गया प्रेमी, तब बनी बात
महिला की बात सुनने के लिए उसके मायके पक्ष, जीजा और अन्य परिजनों को भी मौके पर बुलाया गया. महिला की जिद पर दिल्ली में रह रहे उसके प्रेमी कृष्णपाल से भी संपर्क किया गया. प्रेमी की पत्नी और बच्चे भी उसे समझाने पहुंचे. करीब सात घंटे तक चले प्रयासों के बाद इंस्पेक्टर, महिला के जीजा और प्रेमी (फोन पर) ने उसकी कुछ मांगों पर सहमति जताने का आश्वासन दिया, जिसके बाद शाम करीब सात बजे वह सुरक्षित नीचे उतर आई. महिला ने भरण-पोषण, जेवर वापस दिलाने और अन्य पारिवारिक मांगें भी सामने रखीं.
थाने में आमने-सामने आए दोनों परिवार
महिला को टावर से उतारने के बाद पुलिस उसे थाने ले गई, जहां उसका पति, सास-ससुर, मायके पक्ष, जीजा और प्रेमी भी पहुंचे. इस दौरान बरेली की ओर जा रहे पशुधन मंत्री, एसडीएम विदुषी सिंह, सीओ फरीदपुर संदीप सिंह और नायब तहसीलदार दीप्ति पाल भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली.
महिला बोली- पति के साथ रहूंगी, लेकिन प्रेमी से रिश्ता नहीं तोड़ूंगी
पुलिस के सामने महिला ने कहा कि वह अपने पति के साथ रहना चाहती है, लेकिन प्रेमी से संबंध खत्म नहीं करेगी. महिला का कहना है कि करीब एक साल पहले सोशल मीडिया के जरिए उसकी कृष्णपाल से बातचीत शुरू हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं. महिला का आरोप है कि पति अधिकतर समय हिमाचल प्रदेश में रहते हैं, जबकि ससुराल में उसे ताने दिए जाते हैं. उसने यह भी कहा कि पिछले तीन दिनों से उसे खाना नहीं दिया गया था और पति घर खर्च के लिए पर्याप्त पैसे भी नहीं देते. दो बच्चों की जिम्मेदारी और पारिवारिक तनाव से परेशान होकर उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो देखने के बाद अपनी बात शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए टावर पर चढ़ने का फैसला किया.
पति और प्रेमी की पत्नी ने भी रखी अपनी बात
महिला के पति ने बताया कि उनकी शादी करीब दस साल पहले हुई थी. उनका आरोप है कि दो महीने पहले जब वह पत्नी को अपने साथ हिमाचल प्रदेश ले गए थे, तब भी वह प्रेमी से लगातार संपर्क में थी. फोन नंबर ब्लॉक करने पर पत्नी ने धारदार हथियार से हमला कर दिया था. वहीं, प्रेमी की पत्नी ने आरोप लगाया कि उसका पति कई महीनों तक घर नहीं आता और अक्सर इस महिला से मिलने उसके गांव पहुंचता था.
पुलिस बोली- तीन साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
हालांकि, सीओ फरीदपुर संदीप सिंह ने बताया कि पुलिस जांच के अनुसार महिला का पड़ोसी गांव के एक शादीशुदा युवक के साथ करीब तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था. प्रेमी के साथ रहने की जिद पूरी नहीं होने पर वह मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी. देर शाम पुलिस के समझाने पर महिला सुरक्षित नीचे उतर आई. आगे की कार्रवाई की जा रही है.
Must Read- ललिता गौतम के परिवार से मिले CM योगी, 5 लाख की सहायता, आवास और सरकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Komal Agarwal
कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










