UP के शाहजहांपुर में नसबंदी के बाद भी गर्भवती हुई महिला, एक साल बाद ऐसे खुला राज, सरकारी डॉक्टर पर उठे सवाल
नसबंदी के बाद भी गर्भवती हुई महिला
UP News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां परिवार नियोजन ऑपरेशन के बाद एक महिला के दोबारा गर्भवती होने का दावा किया जा रहा है. महिला ने नसबंदी करने वाले डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है.
UP News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में परिवार नियोजन ऑपरेशन के बाद एक महिला के दोबारा गर्भवती होने का मामला सामने आया है. महिला का आरोप है कि तीसरे बच्चे के जन्म के बाद उसने निजी अस्पताल में नसबंदी कराई थी, लेकिन करीब एक साल बाद अल्ट्रासाउंड में करीब तीन महीने की गर्भावस्था का पता चला. महिला ने नसबंदी करने वाले डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शनिवार शाम पुवायां थाने में तहरीर दी है.
तीसरे बच्चे के बाद कराई थी नसबंदी
सिधौली थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला के मुताबिक, पिछले साल 10 सितंबर को उसने खुटार रोड स्थित एक निजी अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था. इसके लिए उसने अस्पताल में 22 हजार रुपये जमा किए थे. महिला ने बताया कि तीन बच्चे होने के बाद उसने आगे बच्चा नहीं करने का फैसला लिया और डॉक्टर से नसबंदी कराने की बात कही. आरोप है कि डॉक्टर की सलाह पर उसी अस्पताल में उसकी नसबंदी की गई, जिसके लिए उसने तीन हजार रुपये अलग से दिए. इस तरह इलाज और नसबंदी में कुल 25 हजार रुपये खर्च हुए.
डॉक्टर ने दिया था दोबारा गर्भवती न होने का भरोसा
महिला का आरोप है कि नसबंदी का ऑपरेशन करने वाला डॉक्टर सरकारी अस्पताल में तैनात है और निजी अस्पताल में आकर सर्जरी करता है. महिला के मुताबिक, ऑपरेशन के बाद डॉक्टर ने उसे भरोसा दिया था कि अब वह दोबारा गर्भवती नहीं होगी. लेकिन कुछ दिन पहले तबीयत खराब होने पर उसने उसी अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कराया.
अल्ट्रासाउंड में सामने आई तीन महीने की प्रेग्नेंसी
अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में महिला के करीब तीन महीने की गर्भवती होने की जानकारी सामने आई. यह सुनकर महिला घबरा गई. इसके बाद उसने डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई और इंसाफ की मांग को लेकर पुवायां थाने में तहरीर दी. महिला ने मामले में डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
थाना प्रभारी बोले- शिकायत की जानकारी नहीं
वहीं, पुवायां के प्रभारी निरीक्षक आरके रावत ने कहा कि उन्हें ऐसी किसी शिकायत के मिलने की जानकारी नहीं है. महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच और मामले की आगे की कार्रवाई को लेकर पुलिस की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए