DJ रोकने पर कन्नौज में बवाल, कांवड़ियों का हंगामा देख थाना प्रभारी बोले- ‘मैं इस्तीफा देता हूं, ईश्वर करेगा न्याय’
DJ रोकने पर कन्नौज में कांवड़ियों का हंगामा
UP News: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे को लेकर कांवड़ियों और पुलिस के बीच विवाद ने तूल पकड़ लिया. मामला बढ़ता देख प्रशासनिक अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और माफी मांगी.
UP News: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे को लेकर कांवड़ियों और पुलिस के बीच विवाद हो गया. डीजे को शहर के अंदर ले जाने से रोकने पर पहले कहासुनी हुई और फिर धक्का-मुक्की तक बात पहुंच गई. इसके बाद कांवड़िए सड़क पर बैठकर विरोध करने लगे. मामला बढ़ता देख प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कांवड़िया प्रतिनिधियों से माफी मांगी. वहीं, कोतवाल जितेंद्र ने कांवड़ियों के सामने इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया.
डीजे रोकने पर बढ़ा विवाद
हरदोई के बिलग्राम और आसपास के इलाकों से कांवड़िए कन्नौज के सिद्धपीठ गौरीशंकर मंदिर में गंगाजल चढ़ाने के लिए आते हैं. बताया गया कि करीब 30 वर्षों से यहां से बड़ी संख्या में कांवड़िए यात्रा पर पहुंचते हैं. इस बार भी हजारों कांवड़िए डीजे के साथ कन्नौज पहुंचे थे. उनके लिए बोर्डिंग ग्राउंड में ठहरने, खाने-पीने और सेवा-सत्कार की व्यवस्था की गई थी. जब कांवड़ियों का जत्था डीजे के साथ कन्नौज शहर के अंदर जाने लगा तो पुलिस ने डीजे को आगे ले जाने पर आपत्ति जताई. इसी बात को लेकर कांवड़ियों और पुलिस के बीच बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया.
सड़क पर बैठकर कांवड़ियों ने किया विरोध
पुलिस और कांवड़ियों के बीच विवाद के बाद कांवड़िए सड़क पर बैठ गए और विरोध करने लगे. काफी देर तक हंगामा चलता रहा. कुछ लोगों ने सड़क घेरने की कोशिश भी की. स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने कांवड़िया प्रतिनिधियों से बातचीत शुरू की और उन्हें शांत कराने की कोशिश की. इसी दौरान ADM देवेंद्र सिंह ने कांवड़िया प्रतिनिधि के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगी. उन्होंने पुलिस की गलती के लिए माफी मांगते हुए विवाद खत्म करने की अपील की.
कांवड़ियों के सामने कोतवाल ने किया इस्तीफे का ऐलान
कांवड़ियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार को लेकर कोतवाल जितेंद्र पर भी सवाल उठ रहे थे. मामला बढ़ता देख उन्होंने कांवड़ियों से भरे मैदान में नौकरी से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया. उन्होंने कहा कि अगर उनसे कोई गलती हुई है तो वह इस्तीफा दे देंगे और ईश्वर न्याय करेगा. कोतवाल ने यह भी कहा कि अगर किसी को उनके सनातनी होने पर शक है तो वह इस पर भी अपनी बात रखना चाहते हैं. उनके इस ऐलान के बाद कांवड़ियों का विरोध धीरे-धीरे शांत होने लगा.
DJ को आगे ले जाने की मिली अनुमति
विवाद का मुख्य मुद्दा डीजे को शहर के अंदर ले जाने को लेकर था. आखिरकार कांवड़ियों को डीजे के साथ आगे जाने की अनुमति दे दी गई. इसके बाद विरोध खत्म हुआ और कांवड़ यात्रा आगे बढ़ी. मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार भी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने आयोजकों और कांवड़िया प्रतिनिधियों से बातचीत कर स्थिति को संभाला. इसके बाद कांवड़ियों का विरोध खत्म हो गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए