शाहजहांपुर में जाम बना मुसीबत, आधे घंटे फंसी एंबुलेंस, प्रसव पीड़ा से तड़पती महिला ने गाड़ी में ही दिया बेटी को जन्म

Updated:
विज्ञापन

शाहजहांपुर में आधे घंटे फंसी एंबुलेंस में दिया बेटी को जन्म

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

शाहजहांपुर में प्रसव पीड़ा से जूझ रही एक महिला को अस्पताल ले जाने के लिए जब 108 एंबुलेंस जाम में फंसी, तो एंबुलेंस ही उसका प्रसव कक्ष बन गई. आशा कार्यकर्ता और ईएमटी की सूझबूझ से जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित रहे.

विज्ञापन

UP News: जिस एंबुलेंस में प्रसूता को सुरक्षित अस्पताल पहुंचना था, वही जाम के बीच महिला का प्रसव कक्ष बन गई. शाहजहांपुर में कलान ब्लॉक के हेतमपुर आर्यनगर की मोनी को सोमवार की देर शाम प्रसव पीड़ा शुरू हुई. परिजन उसे 108 एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर जा रहे थे, लेकिन ब्लॉक मार्ग पर बेतरतीब खड़े वाहनों और बजरी उतार रही ट्रॉली ने रास्ता रोक दिया. करीब आधे घंटे तक एंबुलेंस जाम में फंसी रही. चालक हूटर बजाता रहा और परिजन रास्ता देने की गुहार लगाते रहे, लेकिन मदद नहीं मिली. आखिरकार प्रसव पीड़ा बढ़ने पर आशा कार्यकर्ता और ईएमटी ने एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया. मोनी ने स्वस्थ बेटी को जन्म दिया.

विज्ञापन

अस्पताल पहुंचने से पहले ही बढ़ गई प्रसव पीड़ा

यह मामला कलान ब्लॉक का है. हेतमपुर आर्यनगर निवासी मोनी को सोमवार शाम अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई. परिजन उसे 108 एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने के लिए निकले. परिवार को उम्मीद थी कि कुछ ही देर में अस्पताल पहुंचकर महिला को उपचार मिल जाएगा, लेकिन रास्ते में लगा जाम उनकी परेशानी का सबब बन गया.

बेतरतीब पार्किंग और ट्रॉली ने रोक दिया रास्ता

ब्लॉक मार्ग पर दोनों तरफ वाहन बेतरतीब तरीके से खड़े थे. इसी बीच एक निर्माणाधीन मकान के सामने बजरी उतार रही ट्रॉली ने रास्ते को और संकरा कर दिया. देखते ही देखते एंबुलेंस आगे बढ़ने की स्थिति में नहीं रही. चालक हरकिशन लगातार हूटर बजाता रहा, लेकिन जाम में फंसे लोगों ने एंबुलेंस को साइड नहीं दी.

परिवार ने हाथ जोड़कर मांगा रास्ता, लेकिन नहीं पसीजा जाम

एंबुलेंस के भीतर मोनी की प्रसव पीड़ा लगातार बढ़ रही थी. बाहर परिवार के लोग लोगों से हाथ जोड़कर रास्ता देने की गुहार लगाते रहे. इस बीच पीछे से वाहनों की कतार बढ़ती गई और एंबुलेंस जाम के बीच पूरी तरह फंस गई. अस्पताल की दूरी कम थी, लेकिन जाम ने उस दूरी को बेहद मुश्किल बना दिया था.

एंबुलेंस बनी प्रसव कक्ष, आशा और ईएमटी ने संभाला मोर्चा

महिला की हालत बिगड़ती देख एंबुलेंस में मौजूद आशा कार्यकर्ता सरोजनी और ईएमटी धीरू राठौर ने स्थिति को संभाला. अस्पताल तक पहुंचना संभव नहीं था, इसलिए उन्होंने एंबुलेंस के भीतर ही प्रसव कराने का फैसला किया. सीमित संसाधनों के बीच दोनों ने सुरक्षित प्रसव कराया. कुछ देर बाद एंबुलेंस के भीतर नवजात बच्ची के जन्म की किलकारी गूंजी. मोनी ने एक स्वस्थ बेटी को जन्म दिया.

आधे घंटे बाद पुलिस ने खुलवाया रास्ता

करीब आधे घंटे तक एंबुलेंस जाम में फंसी रही. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों को हटवाया. इसके बाद रास्ता खुल सका और एंबुलेंस को आगे जाने का रास्ता मिला.

जच्चा-बच्चा दोनों की हालत ठीक

जाम खुलने के बाद मोनी और नवजात बच्ची को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर भर्ती कराया गया. अस्पताल में दोनों की हालत ठीक बताई जा रही है. हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर बेतरतीब पार्किंग और अतिक्रमण की वजह से पैदा होने वाली मुश्किलों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. जिस एंबुलेंस का काम मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाना था, वही जाम के बीच प्रसव कराने को मजबूर हो गई.

यह भी पढ़ें: UP Congress की नई मीडिया टीम का ऐलान, प्रियंका गुप्ता और संजीव कुमार सिंह बने उपाध्यक्ष, देखें पूरी लिस्ट

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola