देखते ही देखते मगरमच्छ ने 12 साल के बच्चे को बनाया निवाला, हाथ-पैर धोने गया था मासूम, पांच घंटे की तलाश के बाद मिला शव

मगरमच्छ हमले की AI सांकेतिक तस्वीर
UP News: उत्तर प्रदेश के बहराइच में एक 12 वर्षीय बच्चे की मगरमच्छ के हमले में दुखद मौत हो गई. बच्चा हाथ-पैर धोने नदी पर गया था, मगरमच्छ ने उस पर हमला कर पानी में खींच लिया.
UP News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. बौंडी थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बच्चे की मगरमच्छ के हमले में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि धान की रोपाई का काम खत्म करने के बाद बच्चा अपने चाचा के साथ घाघरा नदी पर हाथ-पैर धोने गया था. इसी दौरान नदी से निकले मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और उसे जबड़े में दबोचकर पानी की ओर खींच ले गया. मामला जिला मुख्यालय से 45 किमी दूर बौंडी थाना क्षेत्र का है.
बचाने की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों के सामने खींच ले गया मगरमच्छ
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मगरमच्छ ने बच्चे को पकड़ते ही गहरे पानी की ओर खींचना शुरू कर दिया. बच्चा खुद को छुड़ाने के लिए लगातार हाथ-पैर मारता रहा. उसके चाचा ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया. ग्रामीणों ने ईंट-पत्थर फेंके और उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ ने बच्चे को नहीं छोड़ा. बताया गया कि उसने बच्चे को कई बार पानी में उछाला और फिर गहरे पानी में ले जाकर निगल लिया.
पांच घंटे की तलाश के बाद मिला शव
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. बांस और अन्य साधनों की मदद से नदी में बच्चे की तलाश शुरू की गई. करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद रात लगभग 10 बजे उसका शव बरामद हुआ. वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, मगरमच्छ ने बच्चे का दाहिना पैर और कमर के नीचे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया था.
माता-पिता का पहले ही हो चुका था निधन
मृतक की पहचान 12 वर्षीय सुनील के रूप में हुई है, जो कक्षा छह का छात्र था. कुछ वर्ष पहले उसके माता-पिता का निधन हो चुका था. परिवार में उसका एक भाई और दो बहनें हैं. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
अधिकारियों ने की पुष्टि, परिवार को मिलेगी सहायता
थाना प्रभारी टी.एन. मौर्य ने घटना और वायरल वीडियो की पुष्टि की है. एसडीएम प्रकाश सिंह ने कहा कि घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है और पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Komal Agarwal
कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










