बरेली-बदायूं हाईवे पर देर रात हाफ एनकाउंटर, जवाबी फायरिंग में एक सिपाही घायल और 2 टप्पेबाज़ गिरफ्तार
बरेली-बदायूं हाईवे पर देर रात हाफ एनकाउंटर (क्रेडिट सोशल मीडिया)
UP News: बरेली-बदायूं हाईवे पर पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हुई. टप्पेबाजी के दो फरार आरोपी पुलिस की गोली से घायल होकर गिरफ्तार हुए. इस दौरान एक सिपाही भी जख्मी हो गया.
UP News: बदायूं में टप्पेबाजी के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. बरेली-बदायूं हाईवे पर हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और आरोपियों के बीच फायरिंग हुई, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी. मुठभेड़ के दौरान एक सिपाही भी घायल हो गया. पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध हथियार और नकदी बरामद की है.
हाईवे पर घेराबंदी के दौरान हुई मुठभेड़
पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई को भारतीय स्टेट बैंक की बिनावर शाखा के पास एक किसान से 20 हजार रुपये की टप्पेबाजी करने के बाद आरोपी फरार हो गए थे. घटना के बाद से पुलिस उनकी तलाश कर रही थी. मुखबिर की सूचना पर बरेली-बदायूं हाईवे पर घेराबंदी की गई. खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को घायल अवस्था में पकड़ लिया.
दो राज्यों के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवीन उर्फ लकी और बिट्टू बंसल के रूप में हुई है. नवीन गाजियाबाद का निवासी है, जबकि बिट्टू हरियाणा के बहादुरगढ़ का रहने वाला है. दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है. मुठभेड़ में घायल हुए सिपाही का भी इलाज कराया जा रहा है.
अन्य वारदातों में भी खंगाला जा रहा रिकॉर्ड
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे (315 बोर), कारतूस और छह हजार रुपये बरामद किए हैं. अधिकारियों का कहना है कि दोनों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे अन्य आपराधिक घटनाओं में भी शामिल रहे हैं या नहीं. जांच पूरी होने के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Must Read- UP में बुनकरों को मिलेगी सस्ती बिजली, पावरलूम फ्लैट रेट योजना का दायरा 20 kW करने का प्रस्ताव
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए