आगरा से एटा तक सफर होगा आसान, NH-321G परियोजना को मिली नई रफ्तार, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य

आगरा-एटा को जोड़ने वाला प्रस्तावित हाईवे (AI सांकेतिक तस्वीर)
UP News: उत्तर प्रदेश को जल्द ही आगरा से एटा तक 51.6 किलोमीटर लंबा नया राष्ट्रीय राजमार्ग NH-321G मिलने वाला है. सुप्रीम कोर्ट से पेड़ कटान की अनुमति मिलने के बाद इस 685.51 करोड़ रुपये की बहुप्रतीक्षित परियोजना के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है.
UP News: उत्तर प्रदेश को जल्द ही एक और राष्ट्रीय राजमार्ग की सौगात मिलने वाली है. आगरा के टेढ़ी बगिया से एटा के नूंहखास तक प्रस्तावित 51.6 किलोमीटर लंबे एनएच-321जी के निर्माण का रास्ता सुप्रीम कोर्ट से पेड़ कटान की अनुमति मिलने के बाद साफ हो गया है. 685.51 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है. अब वन विभाग से स्टेज-2 क्लीयरेंस मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है.
सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी के बाद बढ़ी रफ्तार
आगरा-एटा को जोड़ने वाले एनएच-321जी परियोजना की तकनीकी निविदा 16 जुलाई को खोली जा चुकी है. हालांकि, ताज ट्रेपेजियम जोन (टीटीजेड) क्षेत्र में पेड़ों की कटाई की अनुमति नहीं मिलने के कारण परियोजना आगे नहीं बढ़ पा रही थी. मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट से पेड़ कटान की अनुमति मिलने के बाद निर्माण कार्य का रास्ता साफ हो गया है. अब वन विभाग में स्टेज-2 क्लीयरेंस के लिए आवेदन किया जाएगा.
पहले भी टेंडर हुए, लेकिन अटका रहा प्रोजेक्ट
लोक निर्माण विभाग के अनुसार, इस परियोजना की वित्तीय निविदा मार्च 2024 में खोली गई थी, जिसे सड़क परिवहन मंत्रालय ने अगस्त 2025 में निरस्त कर दिया था. इसके बाद फरवरी 2026 में नए सिरे से टेंडर जारी किए गए, लेकिन सुप्रीम कोर्ट में मामला लंबित होने के कारण निर्माण शुरू नहीं हो सका. फिलहाल परियोजना की भौतिक प्रगति शून्य है, इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) एलएन मालवीय इंफ्रा प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, भोपाल ने तैयार की है.
भूमि अधिग्रहण पूरा, इन गांवों से गुजरेगा हाईवे
परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य 100 प्रतिशत पूरा हो चुका है. आगरा जिले के 7 गांवों की जमीन अधिग्रहीत कर 22.36 करोड़ रुपये का मुआवजा वितरित किया जा चुका है. वहीं, एटा जिले के 13 गांवों में 20.24 करोड़ रुपये के मुआवजे में से 16.85 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जबकि शेष 3.39 करोड़ रुपये भूमि राशि पोर्टल के माध्यम से वितरित किए जाएंगे. वन विभाग की अंतिम मंजूरी मिलने के बाद एनएच-321जी के निर्माण कार्य में तेजी आने की उम्मीद है.
Also Read:ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो, 900 करोड़ की मंजूरी आज संभव
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Khushboo Kumari
खुशबू कुमारी पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज, से मास कम्युनिकेशन में स्नातक किया है तथा वर्तमान में इग्नू से मास्टर ऑफ आर्ट्स (मास कम्युनिकेशन एंड डिजिटल मीडिया) की पढ़ाई कर रही हैं. उन्हें जनहित से जुड़ी खबरों, डिजिटल पत्रकारिता, समाचार लेखन, फोटोग्राफी, वीडियो एडिटिंग और ग्राफिक डिजाइन में विशेष रुचि है. वे राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, अपराध और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर शोधपरक, तथ्यपरक और पाठकों के लिए उपयोगी डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं. उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय, स्पष्ट और प्रभावी जानकारी पहुंचाना है, ताकि समाचार केवल सूचना का माध्यम न होकर समाज के लिए उपयोगी साबित हों.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










