UP में बदल जाएगी अस्पतालों की तस्वीर, 1606 करोड़ की 65 परियोजनाएं तैयार, लखनऊ में बनेगा 1010 बेड का अस्पताल
1606 करोड़ रुपये की 65 परियोजनाओं पर काम तेज (AI)
उत्तर प्रदेश सरकार चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठा रही है. प्रदेश भर में 1606.83 करोड़ रुपये की 65 नई परियोजनाएं शुरू होने वाली हैं, जिनमें नए अस्पताल भवनों का निर्माण और मौजूदा सुविधाओं का विस्तार शामिल है.
UP Health Infrastructure : उत्तर प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. प्रदेश के अलग-अलग मेडिकल कॉलेजों और चिकित्सा संस्थानों में करीब 1,606.83 करोड़ रुपये की 65 परियोजनाएं शिलान्यास और लोकार्पण के लिए तैयार हैं. इनमें करीब 1,400.70 करोड़ रुपये की 44 परियोजनाओं का शिलान्यास और 206.13 करोड़ रुपये की 21 परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाना है. सरकार का जोर केवल नए भवनों के निर्माण पर नहीं है. मेडिकल कॉलेजों में बढ़ी सीटों के अनुरूप छात्रावास, लेक्चर थिएटर, परीक्षा भवन, नर्सिंग कॉलेज, ट्रॉमा सेंटर, एमसीएच सेंटर समेत मरीजों और संस्थानों से जुड़ी दूसरी सुविधाओं को भी विकसित किया जा रहा है.
लखनऊ में बनेगा 1010 बेड का अस्पताल
सबसे बड़ी परियोजनाओं में लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान का नया अस्पताल भवन शामिल है. गोमतीनगर विस्तार स्थित नए परिसर में बेसमेंट के ऊपर 1010 शैय्या वाले अस्पताल भवन का निर्माण प्रस्तावित है. इस परियोजना पर करीब 855.04 करोड़ रुपये खर्च होंगे. इससे संस्थान में मरीजों के लिए अस्पताल की क्षमता बढ़ाने के साथ चिकित्सा सेवाओं के विस्तार में भी मदद मिलेगी.
कानपुर में बनेगा संक्रामक रोग चिकित्सालय
कानपुर मेडिकल कॉलेज में भी स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की तैयारी है. यहां करीब 49.40 करोड़ रुपये की लागत से संक्रामक रोग चिकित्सालय तैयार करने की योजना है. इस परियोजना का उद्देश्य संक्रामक रोगों से जुड़े मरीजों के उपचार के लिए बेहतर और समर्पित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है.
मेरठ में लेवल-1 ट्रॉमा सेंटर होगा तैयार
मेरठ मेडिकल कॉलेज में मौजूदा लेवल-2 ट्रॉमा सेंटर को अपग्रेड कर 100 बेड के लेवल-1 ट्रॉमा सेंटर में विकसित किया जाएगा. इस पर करीब 48.15 करोड़ रुपये खर्च प्रस्तावित हैं. इसके अलावा बाल रोग विभाग में एमसीएच सेंटर के निर्माण की भी योजना है. इस परियोजना पर करीब 34.82 करोड़ रुपये खर्च होंगे. मेडिकल कॉलेज में छात्रावास, सीवरेज, जलापूर्ति और एसटीपी जैसी सुविधाओं को भी मजबूत किया जाएगा.
बढ़ी मेडिकल सीटों के साथ बढ़ेंगे हॉस्टल
मेडिकल कॉलेजों में सीटों की संख्या बढ़ने के साथ विद्यार्थियों के लिए आवासीय सुविधाओं को भी विस्तार दिया जा रहा है. झांसी मेडिकल कॉलेज में लेक्चर थिएटर, पुस्तकालय, कॉन्फ्रेंस हॉल, कैफेटेरिया और परीक्षा भवन के निर्माण की योजना है. इस पर करीब 28.44 करोड़ रुपये खर्च प्रस्तावित हैं. वहीं, यहां 272 बेड के यूजी बालिका छात्रावास के निर्माण की भी योजना है. अयोध्या और कुशीनगर समेत कई अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी छात्रावासों के निर्माण की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं.
गोंडा समेत कई जिलों में नर्सिंग शिक्षा का विस्तार
चिकित्सा शिक्षा के साथ नर्सिंग सुविधाओं के विस्तार पर भी सरकार का फोकस है. गोंडा में नर्सिंग कॉलेज के निर्माण के लिए करीब 9.93 करोड़ रुपये की परियोजना प्रस्तावित है. इसके अलावा सहारनपुर और ग्रेटर नोएडा में भी नर्सिंग शिक्षा से जुड़े बुनियादी ढांचे को विकसित करने की योजना है. इससे मेडिकल क्षेत्र में पढ़ाई और प्रशिक्षण के लिए सुविधाओं का विस्तार होगा.
ट्रांसप्लांट सुविधाएं भी होंगी मजबूत
डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में अत्याधुनिक चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की दिशा में भी काम किया जा रहा है. यहां किडनी, लिवर और बोन मैरो ट्रांसप्लांटेशन यूनिट स्थापित करने की करीब 18.22 करोड़ रुपये की परियोजना लोकार्पण सूची में शामिल है.
पूरा इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने की तैयारी
सरकार की इन परियोजनाओं में अस्पताल और मेडिकल कॉलेजों के भवनों के साथ मरीजों और विद्यार्थियों से जुड़ी जरूरी सुविधाओं को भी शामिल किया गया है. जलापूर्ति, सीवरेज, एसटीपी, छात्रावास, परीक्षा भवन और अन्य सपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर भी जोर दिया जा रहा है. इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों और चिकित्सा संस्थानों में इलाज, मेडिकल शिक्षा और मरीजों से जुड़ी सुविधाओं की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है. Also Read : कभी खेतों में करती थीं मजदूरी, अब उड़ाती हैं ड्रोन, जानिए कैसे नमो ड्रोन दीदी ने बदली UP की महिलाओं की जिंदगी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए