यूपी सरकार का बड़ा तोहफा: अब गांवों में भी सस्ते में होंगी शादियां! 71 विधानसभाओं में बनेंगे मैरिज हॉल जैसे 'उत्सव भवन'
यूपी के 71 विधानसभा क्षेत्रों में मांगलिक कार्यों के लिए जल्द बनेंगे उत्सव भवन
UP News: उत्तर प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में अब शादी-विवाह जैसे मांगलिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर जगह उपलब्ध होगी. पंचायती राज विभाग 71 विधानसभा क्षेत्रों में पंचायत उत्सव भवन बना रहा है, जिनका निर्माण तीन महीने में पूरा करने का लक्ष्य है.
UP News: उत्तर प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में अब शादी-विवाह और दूसरे मांगलिक कार्यक्रमों के लिए लोगों को बेहतर जगह मिल सकेगी. पंचायती राज विभाग प्रदेश की 71 विधानसभा क्षेत्रों में पंचायत उत्सव भवन तैयार करा रहा है. इन भवनों का निर्माण शुरू हो चुका है और विभाग ने इन्हें तीन महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य तय किया है.
71 विधानसभा क्षेत्रों में शुरू हुआ निर्माण
ग्रामीणों की जरूरत को देखते हुए इन विधानसभा क्षेत्रों में उत्सव भवन बनाए जा रहे हैं. तैयार होने के बाद इनका इस्तेमाल शादी-विवाह समेत अन्य मांगलिक कार्यक्रमों के लिए किया जा सकेगा. इससे गांवों में ऐसे आयोजनों के लिए एक व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा.
जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली कमेटी तय करेगी आवंटन
उत्सव भवन में मांगलिक कार्यक्रमों के लिए जगह आवंटित करने की दर मनमानी नहीं होगी. इसके लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित कमेटी धनराशि का निर्धारण करेगी. विभाग के मुताबिक, आवंटन की दरें न्यूनतम रखी जाएंगी, ताकि ग्रामीणों को इसका फायदा मिल सके.
3000 वर्गमीटर जमीन में तैयार होगा भवन
प्रत्येक उत्सव भवन के लिए करीब 3000 वर्गमीटर भूमि का इस्तेमाल किया जा रहा है. इसमें लगभग 520 वर्गमीटर हिस्से में मुख्य भवन तैयार किया जाएगा. भवन को इस तरह बनाया जा रहा है कि मांगलिक कार्यक्रमों के दौरान लोगों को जरूरी सुविधाएं एक ही जगह मिल सकें.
100 लोगों की क्षमता वाला होगा हॉल
उत्सव भवन में करीब 100 लोगों की क्षमता वाला हॉल बनाया जाएगा. इसके साथ स्टेज या मंडप, तीन कमरे और भूतल पर शौचालय की व्यवस्था होगी. भवन में दिव्यांगजनों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया है.
रसोई से लेकर अलग-अलग शौचालय की सुविधा
भवन में एक दिव्यांगजन हितैषी कमरा, पुरुष और महिला शौचालय के साथ दिव्यांगजन शौचालय भी बनाया जाएगा. इसके अलावा कार्यक्रमों के दौरान भोजन तैयार करने के लिए रसोईघर की सुविधा भी होगी.
2025-26 के बजट से शुरू हुआ काम
इन उत्सव भवनों के निर्माण की शुरुआत पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट से की गई है. पहले चरण के तहत 71 विधानसभा क्षेत्रों में भवनों का निर्माण कराया जा रहा है. विभाग ने निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं.
2026-27 में भी 71 भवनों के लिए 100 करोड़
योजना को आगे बढ़ाते हुए चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में दूसरे चरण के 71 उत्सव भवनों के निर्माण के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. यानी आने वाले समय में इस तरह की सुविधाओं का दायरा और बढ़ेगा.
78 और उत्सव भवनों के लिए 109 करोड़
इसके अलावा अनुपूरक बजट से 78 उत्सव भवनों के निर्माण के लिए 109 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है. इससे अलग-अलग क्षेत्रों में उत्सव भवनों के निर्माण का काम आगे बढ़ाया जाएगा.
ग्राम पंचायतें करेंगी उत्सव भवनों का संचालन
निर्माण पूरा होने के बाद इन उत्सव भवनों का संचालन ग्राम पंचायतों के माध्यम से किया जाएगा. मांगलिक कार्यक्रमों के लिए ग्रामीण इन भवनों का इस्तेमाल कर सकेंगे और इसके लिए आवंटन की दरें जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली कमेटी तय करेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए