UP Swine Flu Alert: यूपी में स्वाइन फ्लू ने बढ़ाई टेंशन! 685 केस सामने आए, लखनऊ में 43 एक्टिव मरीज

Updated:
विज्ञापन

यूपी में स्वाइन फ्लू ने बढ़ाई टेंशन! 685 केस सामने आए

UP News: उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू (H1N1) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग चिंतित है. प्रदेश में अब तक 685 लैब से पुष्ट H1N1 केस सामने आ चुके हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर H1N1 की जांच मुफ्त उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.

विज्ञापन

UP News: उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू यानी इन्फ्लुएंजा A (H1N1) के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है. प्रदेश में अब तक 685 लैब से पुष्ट H1N1 केस सामने आ चुके हैं. आंकड़ों में कुछ ही दिनों में तेज बढ़ोतरी दर्ज हुई है. 27 अगस्त को मरीजों की संख्या 551 थी, जो सितंबर की शुरुआत में बढ़कर 685 हो गई. राजधानी लखनऊ में भी संक्रमण के नए मामले लगातार सामने आ रहे हैं. गुरुवार को नौ नए मरीजों में H1N1 की पुष्टि हुई, जिसके बाद शहर में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 43 हो गई. इनमें दो मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि सात होम आइसोलेशन में हैं. स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सभी मरीज खतरे से बाहर हैं.

विज्ञापन

कुछ दिनों में 134 नए केस, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार 27 अगस्त तक प्रदेश में 551 H1N1 मरीज थे. इसके बाद संख्या बढ़कर 685 पहुंच गई. यानी कुछ ही दिनों में 134 नए मामले सामने आए हैं. ज्यादातर मरीज सामान्य उपचार से ठीक हो रहे हैं और गंभीर स्थिति वाले मरीजों की संख्या फिलहाल कम बताई जा रही है.

CM योगी ने दिए फ्री जांच के निर्देश

बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर H1N1 की जांच मुफ्त उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. जिला अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर संदिग्ध मरीजों की जांच की व्यवस्था मजबूत करने को कहा गया है. निजी अस्पतालों और लैब को भी निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं. सरकार ने अस्पतालों में दवाओं, जांच किट और जरूरी चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया है. अधिक मामलों वाले क्षेत्रों में अलग OPD और आइसोलेशन की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं.

लखनऊ में 9 नए मरीज मिले

लखनऊ में गुरुवार को मिले नौ नए मरीजों में से दो को अस्पताल में भर्ती कराया गया. एक मरीज SGPGIMS और दूसरा RMLIMS में भर्ती है, जबकि सात मरीज घर पर आइसोलेशन में हैं. वहीं इलाज के बाद चार मरीजों को अस्पताल से छुट्टी भी दी गई.

इन लक्षणों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें

स्वाइन फ्लू में सामान्य तौर पर तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द और कमजोरी जैसे लक्षण हो सकते हैं. सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द, ऑक्सीजन का स्तर गिरना, बेहोशी, ब्लड प्रेशर कम होना या खांसी में खून आना जैसे लक्षण गंभीर स्थिति का संकेत हो सकते हैं. ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है.

घबराएं नहीं, लेकिन सावधानी जरूरी

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक ज्यादातर मरीज सामान्य उपचार से ठीक हो रहे हैं. हालांकि संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. भीड़भाड़ वाली जगहों पर सावधानी बरतना, हाथों की स्वच्छता का ध्यान रखना और फ्लू जैसे लक्षण होने पर दूसरों से दूरी बनाना संक्रमण के प्रसार को रोकने में मदद कर सकता है.

यह भी पढ़ें: UP Flood: यूपी में बाढ़ का रौद्र रूप! 35 जिले जलमग्न, 16,784 लोगों को सुरक्षित निकाला गया, गंगा-यमुना के उफान से पूर्वांचल में बढ़ा संकट

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola