इलाहाबाद हाईकोर्ट में वकीलों का महासंग्राम, 30 पदों पर 263 दावेदार, जानें कब आएंगे परिणाम
इलाहाबाद हाईकोर्ट में वकीलों का महासंग्राम (Ai Generated)
HCBA Election News: प्रयागराज हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में अधिवक्ताओं ने रिकॉर्ड तोड़ उत्साह दिखाया, जहां 85.72% मतदान दर्ज किया गया. 263 प्रत्याशियों ने 30 पदों के लिए अपनी किस्मत आजमाई है.
HCBA Election News: प्रयागराज में हाई कोर्ट बार एसोसिएशन (एचसीबीए) के सत्र 2026-27 हेतु आयोजित चुनाव में अधिवक्ताओं ने अभूतपूर्व उत्साह दिखाया. निर्धारित समय सुबह नौ बजे के बजाय तकनीकी व्यवधानों के कारण मतदान सुबह दस बजे के बाद शुरू हो सका. इस वजह से शाम पांच बजे तक चलने वाली वोटिंग प्रक्रिया को आधे घंटे बढ़ाकर 5.30 बजे तक जारी रखा गया. पूरे मतदान क्षेत्र को कड़ी निगरानी में रखा गया था, जिसके लिए व्यापक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे.
रिकॉर्ड संख्या में हुआ मतदान
मुख्य चुनाव अधिकारी वरिष्ठ अधिवक्ता एसएफए नकवी ने बताया कि दोपहर बारह से चार बजे के बीच वोट डालने की गति सबसे अधिक रही. चुनाव को निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने में वशिष्ठ तिवारी, जेबी सिंह, राजकुमार शुक्ल, लक्ष्मीकांत मिश्र और अनुभव शुक्ल जैसे अधिकारियों ने अहम भूमिका निभाई. इस बार कुल पंजीकृत 11,724 मतदाताओं में से 10,050 अधिवक्ताओं ने अपने मत का प्रयोग किया. यह 85.72 प्रतिशत का मतदान अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड माना जा रहा है. मुख्य पदों पर कड़ा मुकाबला इस बार कुल 30 पदों को भरने के लिए 263 प्रत्याशी मैदान में उतरे हैं.
अध्यक्ष पद की दौड़ में आठ
उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जबकि महासचिव पद के लिए 14 दावेदार आमने-सामने हैं. वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए 15 वकील अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं. पुरुष उपाध्यक्ष के चार पदों के लिए 50 तथा महिला उपाध्यक्ष के दो पदों हेतु छह महिला प्रत्याशी किस्मत आजमा रही हैं. मतदेय स्थल हाईकोर्ट के क्रिकेट ग्राउंड में बनाया गया था.
विभिन्न सचिव और कार्यकारिणी पद
संयुक्त सचिव प्रशासन पद के लिए 13, पुस्तकालय हेतु 12, प्रेस के लिए 10 और महिला संयुक्त सचिव के लिए पांच दावेदार मैदान में हैं. कोषाध्यक्ष पुरुष पद हेतु 11 तथा महिला कोषाध्यक्ष हेतु तीन प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं. शासी परिषद (गवर्निंग काउंसिल) के 10 पुरुष पदों के लिए सर्वाधिक 100 उम्मीदवार हैं, जबकि 5 महिला पदों हेतु 16 प्रत्याशी किस्मत आजमा रही हैं. मतपेटियों में बंद इन सभी उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला शनिवार से शुरू होने वाली मतगणना में होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए