राम मंदिर के CEO की नियुक्ति के बीच अखिलेश यादव का तंज, दान की ‘चोरी’ पर उठाए सवाल, बोले- नई चीजों से क्या पुरानी बातें भूल जाएंगे?
राम मंदिर के CEO की नियुक्ति के बीच अखिलेश यादव का तंज (फोटो-सोशल मीडिया)
राम मंदिर के संचालन में पूर्णकालिक CEO की नियुक्ति के बीच, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दान में कथित अनियमितताओं और जमीन से जुड़े घोटालों पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने अयोध्या के विकास में गरीबों के हितों की सुरक्षा पर भी जोर दिया.
Ram Mandir Donation Controversy: राम मंदिर के संचालन को लेकर एक बड़ा बदलाव हुआ है. श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने पूर्णकालिक CEO की नियुक्ति की है. इसी बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ऐसा बयान दिया, जिसने पुरानी बहस को फिर सामने ला दिया. उन्होंने कहा कि नई चीजों के आने से पुरानी बातें भुलाई नहीं जा सकतीं. इसके बाद उन्होंने राम मंदिर के दान, जमीन और मुआवजे से जुड़े मुद्दे उठाए.
पुराने मामलों का जिक्र
अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें किसी से कोई शिकायत नहीं है. हालांकि, उन्होंने मंदिर से जुड़े दान में कथित अनियमितता का मुद्दा जरूर उठाया. उनका आरोप है कि इस मामले में आम कर्मचारियों को जेल भेजा गया, जबकि बड़े नामों पर कार्रवाई नहीं हुई.
अयोध्या के विकास पर सवाल
सपा अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि भविष्य में ‘राम धन’ की चोरी नहीं होगी. उन्होंने अयोध्या को विश्वस्तरीय शहर के तौर पर विकसित करने की जरूरत बताई. साथ ही जमीन से जुड़े कथित मामलों का जिक्र करते हुए भाजपा पर निशाना साधा.
गरीबों के हित की बात
अखिलेश यादव ने कहा कि अयोध्या के विकास के साथ वहां रहने वाले लोगों के हित भी सुरक्षित रहने चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर गरीबों को उचित मुआवजा नहीं मिला. उन्होंने सरकार से सवाल किया कि विकास की प्रक्रिया में गरीबों के साथ अन्याय क्यों हो.
नियुक्ति के बीच सियासी बयान
राम मंदिर के संचालन के लिए पूर्णकालिक CEO की नियुक्ति के बीच अखिलेश का बयान राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है. उन्होंने नियुक्ति का सीधे विरोध नहीं किया. इसके बजाय मंदिर से जुड़े पुराने विवादों और कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार पर सवाल उठाए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए