VIDEO VIRAL: मैनपुरी में वीडियो बनाने पर भड़के DSP, मूंछों पर ताव देकर बोले- ‘अखिलेश यादव को दे देना'...
मैनपुरी में डीएसपी का वीडियो वायरल, मूंछों पर ताव देते आए नजर
मैनपुरी में एक गोलीकांड के बाद पोस्टमॉर्टम हाउस पर माहौल गरमा गया. DSP अशोक सिंह का वीडियो बना रहे लोगों से विवाद हो गया. उन्होंने मूंछों पर ताव देकर कहा, 'लो बना लो वीडियो और अखिलेश यादव को दे देना'.
UP News: मैनपुरी में एक गोलीकांड के बाद पोस्टमॉर्टम हाउस पर उस वक्त माहौल गरमा गया, जब वीडियो बना रहे लोगों से डीएसपी अशोक सिंह की बहस हो गई. पहले उन्होंने वीडियो बनाने से रोका. बात नहीं बनी तो उनका अंदाज अचानक बदल गया. उन्होंने मूंछों पर ताव दिया और अपना नाम-पता बताते हुए कहा, 'लो बना लो वीडियो और अखिलेश यादव को दे देना.' अब डीएसपी का यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ट्रक पर फायरिंग में कंडक्टर की मौत
मामला मैनपुरी के एलाऊ थाना क्षेत्र के संतोष नगर गांव का है. रविवार रात शराब के ठेके के सामने बदमाशों ने एक ट्रक को रोक लिया. इसके बाद उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई. गोली लगने से ट्रक कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, चालक घायल हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया.
पोस्टमॉर्टम हाउस पर बढ़ा विवाद
घटना के बाद सीओ सिटी डीएसपी अशोक सिंह पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे. वह मृतक के परिजनों से बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान कुछ लोग मोबाइल से वीडियो बनाने लगे. डीएसपी ने उन्हें रिकॉर्डिंग करने से मना किया. आरोप है कि मना करने के बावजूद वीडियो बनता रहा. इसके बाद डीएसपी नाराज हो गए.
मूंछों पर ताव,कहे अखिलेश यादव को वीडियो देने की बात
वायरल वीडियो में डीएसपी अशोक सिंह मूंछों पर ताव देते नजर आ रहे हैं. वह अपना नाम और परिचय बताते हुए वीडियो बनाने वालों से कहते दिखते हैं कि वीडियो बना लो. साथ ही उन्होंने इसे समाजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को देने की बात कही. उनका यह अंदाज अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.
जून 2026 में मैनपुरी आए थे अशोक सिंह
डीएसपी अशोक सिंह मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले बताए गए हैं. जून 2026 में उत्तर प्रदेश पुलिस के प्रशासनिक फेरबदल के दौरान उनका तबादला औरैया से मैनपुरी किया गया था. अब एलाऊ गोलीकांड के बाद पोस्टमॉर्टम हाउस का यह वीडियो सामने आया है. घटना के साथ-साथ डीएसपी के व्यवहार को लेकर भी सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए