करघे पर तैयार हुआ पीएम मोदी का खास गिफ्ट, काशी के बुनकर ने धागों में उतार दी मां हीराबेन की ममता
पीएम मोदी को तोहफा
प्रधानमंत्री मोदी के 76वें जन्मदिन पर काशी के बुनकरों ने एक अद्भुत उपहार तैयार किया है. 'उचंद कला' से प्रेरित रेशमी वॉल हैंगिंग, जिसमें मां हीराबेन के प्रेम और आशीर्वाद को संजोया गया है.
PM Modi's 76th Birthday: पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन पर काशी के हस्तशिल्प का अद्भुत नज़ारा! बनारस के प्रसिद्ध बुनकर सर्वेश कुमार श्रीवास्तव ने रेशमी धागों की बारीकी से एक ऐसी जीवंत वॉल हैंगिंग तैयार की है, जो न केवल त्रेतायुग की पौराणिक 'उचंद कला' का अहसास कराती है, बल्कि पीएम मोदी और उनकी दिवंगत मां हीराबेन के निश्चल प्रेम व आशीर्वाद को बड़ी ही भावुकता से समेटे हुए है.
50 दिन में तैयार हुई खास वॉल हैंगिंग
सर्वेश कुमार श्रीवास्तव ने दो सहयोगियों के साथ मिलकर कतान के धागों से इस वॉल हैंगिंग को तैयार किया है. उनके मुताबिक, यह शिल्पकारी त्रेतायुग यानी भगवान श्रीराम के काल की पारंपरिक हस्तशिल्प शैली ‘उचंद कला’ से प्रेरित है. इस कलाकृति को साड़ी पर भी उकेरा गया है. खास बात यह है कि इसे तैयार करने में किसी मशीन का इस्तेमाल नहीं किया गया. केवल हथकरघे और हाथों की कारीगरी से तैयार इस वॉल हैंगिंग को पूरा होने में करीब 50 दिन लगे.
25 हजार रुपये आंकी गई कीमत, मिलने लगे नए ऑर्डर
इस विशेष कृति की कीमत करीब 25 हजार रुपये आंकी गई है. सर्वेश ने बताया कि उनकी इस कलाकृति को देखने के बाद इसी तरह की अन्य कलाकृतियों के लिए ऑर्डर भी आने शुरू हो गए हैं. उनका कहना है कि इस तरह की शिल्पकारी के जरिए काशी की पारंपरिक बुनकरी और हस्तशिल्प को नई पहचान मिल रही है.
पहले भी पीएम को भेंट कर चुके हैं बनारसी साड़ी
सर्वेश कुमार श्रीवास्तव इससे पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बनारसी साड़ी भेंट कर चुके हैं. इसके अलावा उन्होंने अयोध्या राम मंदिर की थीम पर आधारित विशेष साड़ियां और विश्व कप के दौरान खिलाड़ियों के सम्मान में क्रिकेट थीम वाली साड़ियां भी तैयार की हैं. इन कलाकृतियों के जरिए वह काशी की बुनकरी परंपरा और हथकरघा कला को सामने लाते रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए