UP Crime: बलिया में चलती ट्रेन पर पथराव, बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस में यात्री घायल, मचा हड़कंप
बलिया में चलती ट्रेन पर पथराव
छपरा-बलिया रेलखंड पर एक यात्री चलती ट्रेन पर हुए पथराव में घायल हो गया. बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस पर हुए इस हमले से हड़कंप मच गया. सुरक्षा एजेंसियां घटना की जांच कर रही हैं.
UP Crime: छपरा-बलिया रेलखंड पर सोमवार की शाम अप बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस पर अराजकतत्वों ने पथराव कर दिया. चलती ट्रेन पर फेंके गये पत्थर की चपेट में आने से एक यात्री घायल हो गया. ट्रेन के बलिया रेलवे स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ और जीआरपी को घटना की जानकारी हुई. इसके बाद दोनों टीमों ने घायल यात्री को ट्रेन से उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे छुट्टी दे दी. जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 15231 बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस सोमवार को छपरा से रेवती रेलवे स्टेशन के बीच करीब 16:05 बजे गुजर रही थी. इसी दौरान किसी अराजकतत्व ने चलती ट्रेन पर पत्थर फेंक दिया. पत्थर स्लीपर कोच एस-4 की सीट संख्या 23 पर यात्रा कर रहे 30 वर्षीय अभिषेक कुमार सिंह को लगा. अभिषेक कुमार सिंह, विनोद कुमार सिंह के पुत्र हैं और भगवानपुर, थाना सदर, मुजफ्फरपुर (बिहार) के निवासी बताये गये हैं.
मुजफ्फरपुर से प्रयागराज जा रहे थे अभिषेक
घायल यात्री अभिषेक कुमार सिंह मुजफ्फरपुर से प्रयागराज छिवकी की यात्रा कर रहे थे. ट्रेन के बलिया रेलवे स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने उन्हें ट्रेन से उतारा. इसके बाद उपचार के लिए जिला चिकित्सालय बलिया ले जाया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी.
तहरीर नहीं मिली, जांच में जुटी सुरक्षा एजेंसियां
घटना के संबंध में घायल यात्री की ओर से अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गयी है. इसके चलते फिलहाल मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है. हालांकि, चलती ट्रेन पर पथराव की घटना को रेलवे सुरक्षा एजेंसियों ने गंभीरता से लिया है. घटना किस स्थान पर हुई और पथराव करने वाले अराजकतत्व कौन थे, इसकी जानकारी जुटायी जा रही है.
जीआरपी थानाध्यक्ष राज कपूर सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि रेवती स्टेशन और छपरा के बीच अप बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस पर अराजकतत्व ने पथराव किया है. इसमें एक यात्री को हल्की चोटें आयी हैं. घायल का उपचार कराया गया है. उन्होंने बताया कि फिलहाल कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है. संबंधित सुरक्षा एजेंसियां घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही हैं. अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है और न ही मुकदमा दर्ज हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए