यूपी के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा बने अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल, जल्द संभालेंगे पदभार...

Updated:
विज्ञापन

डॉ दिनेश शर्मा को अंडमान-निकोबार का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया.

UP News: उत्तर प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का नया उपराज्यपाल बनाया गया है. राष्ट्रपति भवन से उनकी नियुक्ति की घोषणा की गई है. यह उनके राजनीतिक जीवन का एक नया अध्याय है.

विज्ञापन

UP News: नई जिम्मेदारी के साथ डॉ दिनेश शर्मा के राजनीतिक सफर का एक और अहम अध्याय शुरू हो गया है. उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य डॉ दिनेश शर्मा को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है. राष्ट्रपति भवन से मिली जानकारी के मुताबिक, उनकी नियुक्ति पदभार संभालने की तारीख से प्रभावी होगी.

विज्ञापन

यूपी की राजनीति से अब केंद्र शासित प्रदेश की जिम्मेदारी

डॉ दिनेश शर्मा उत्तर प्रदेश की राजनीति का जाना-पहचाना चेहरा रहे हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहले कार्यकाल में वर्ष 2017 में उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया गया था. 2017 से 2022 तक उन्होंने माध्यमिक और उच्च शिक्षा के साथ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे विभागों की जिम्मेदारी संभाली. वर्ष 2022 का विधानसभा चुनाव उन्होंने नहीं लड़ा. इसके बाद उन्हें राज्यसभा भेजा गया. उनका राज्यसभा कार्यकाल नवंबर के अंत में पूरा होने वाला था.

दो बार लखनऊ के मेयर, संगठन में भी निभाई अहम भूमिका

डॉ शर्मा लगातार दो बार लखनऊ के मेयर रहे. उन्होंने वर्ष 2006 से 2018 तक नगर की राजनीति में अहम भूमिका निभाई. लखनऊ विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग में प्रोफेसर के रूप में भी उन्होंने काम किया है. इसके अलावा वे 2007 से मार्च 2018 तक यूपी मेयर काउंसिल के अध्यक्ष रहे. राजनीति और प्रशासन के अनुभव के साथ अब उन्हें अंडमान-निकोबार की संवैधानिक जिम्मेदारी सौंपी गई है.

एबीवीपी से शुरू हुआ सफर, भाजपा में कई जिम्मेदारियां

डॉ दिनेश शर्मा ने छात्र जीवन में आरएसएस की छात्र शाखा एबीवीपी के जरिए राजनीतिक सफर शुरू किया था. बाद में वे भाजपा संगठन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे. वे गुजरात के प्रभारी भी रह चुके हैं. इसके अलावा हरियाणा में मुख्यमंत्री और राजस्थान में प्रदेश अध्यक्ष के चयन के लिए पर्यवेक्षक की भूमिका निभा चुके हैं. भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी उन्होंने संभाली.

एक्स पर जताया आभार, बोले- यह केवल पद नहीं

नई जिम्मेदारी मिलने के बाद डॉ दिनेश शर्मा ने एक्स पर पोस्ट कर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया. उन्होंने वरिष्ठजनों, शुभचिंतकों, मित्रों और देशवासियों के प्रति भी धन्यवाद व्यक्त किया. दिनेश शर्मा ने कहा कि यह उनके लिए केवल एक पद नहीं है, बल्कि संविधान, राष्ट्र और जनसेवा के प्रति बड़ी जिम्मेदारी है. उन्होंने इस दायित्व को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने का संकल्प भी जताया. Also Read: National Teacher Award: यूपी के शिक्षकों ने बदली शिक्षा की तस्वीर, इनको मिला राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार,आज राष्ट्रपति ने किया सम्मानित...

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola