ePaper

लॉकेट पहनाने के बहाने गर्भवती पत्नी का गला रेत डाला, 20 बार चाकू-ब्लेड से किया वार, गर्भस्थ शिशु की भी मौत

Updated at : 03 Aug 2025 12:59 PM (IST)
विज्ञापन
लॉकेट पहनाने के बहाने गर्भवती पत्नी का गला रेत डाला, 20 बार चाकू-ब्लेड से किया वार, गर्भस्थ शिशु की भी मौत

Meerut News: मेरठ के अम्हेड़ा गांव में पति ने सात माह की गर्भवती पत्नी की चाकू व ब्लेड से गला रेतकर हत्या कर दी. लॉकेट पहनाने के बहाने आंखें बंद कराई और वारदात को अंजाम दिया. आरोपी ने खुद पुलिस को सूचना दी. गर्भस्थ शिशु की भी मौत हो गई.

विज्ञापन

Meerut News: मेरठ के गंगानगर थाना क्षेत्र के अम्हेड़ा गांव में शनिवार सुबह दिल दहलाने वाली घटना सामने आई. यहां रहने वाले रविशंकर नामक युवक ने अपनी सात महीने की गर्भवती पत्नी सपना की चाकू और ब्लेड से हत्या कर दी. हैरान करने वाली बात यह रही कि आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद खुद पुलिस को कॉल कर इसकी जानकारी दी.

गले में लॉकेट पहनाने के बहाने गला रेत डाला

पुलिस के मुताबिक आरोपी रविशंकर ने पत्नी सपना से कहा कि वह उसके लिए लॉकेट लाया है और उसे अपने हाथों से पहनाएगा. उसने सपना से आंखें बंद करने को कहा और इसी दौरान धारदार चाकू से गला रेत दिया. इसके बाद ब्लेड से उस पर लगभग 20 बार ताबड़तोड़ वार किए. इस हमले में सपना के गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई.

सपना कुछ दिन पहले आई थी बहन के घर

सीओ सदर देहात शिवप्रताप सिंह ने बताया कि सपना अपने ससुराल से पांच दिन पहले अपनी बड़ी बहन ममता के घर आई थी. शादी के बाद वह कई बार वहां आती रही थी. पुलिस का कहना है कि पति को पत्नी पर शक था, इसी वजह से उसने यह खौफनाक कदम उठाया. हालांकि, परिजनों ने दहेज हत्या की आशंका भी जताई है.

20 साल पहले ममता ने ली थी बहन की जिम्मेदारी

सपना की बड़ी बहन ममता की शादी 20 साल पहले अम्हेड़ा निवासी मुन्ना से हुई थी. शादी के कुछ समय बाद सास-ससुर की मौत हो गई, तब ममता ने सपना को पांच साल की उम्र में अपने साथ रख लिया और पढ़ाया-लिखाया. इसी साल 23 जनवरी को ममता और मुन्ना ने सपना की शादी रविशंकर से करवाई थी.

पहली मंजिल पर ले जाकर कर दी हत्या

घटना वाले दिन सुबह करीब साढ़े 11 बजे रविशंकर ने सपना को फोन कर मिलने के लिए कहा और फिर खुद बहन ममता के घर पहुंचा. घर में ममता बाहर काम कर रही थी, जबकि मुन्ना और बच्चे बाहर थे. रविशंकर ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और सपना को पहली मंजिल पर ले गया. वहीं दोनों के बीच कहासुनी हुई और फिर हत्या कर दी.

भीड़ ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, पुलिस ने बचाया

घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर ममता और आसपास के लोग घर के बाहर जमा हो गए लेकिन दरवाजा बंद होने के कारण कोई अंदर नहीं जा सका. कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी से दरवाजा खुलवाया. सपना खून से लथपथ मृत पड़ी थी. गुस्साई भीड़ ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे भीड़ से बचाकर थाने ले गई.

आरोपी गिरफ्तार, हत्या की धाराओं में केस दर्ज

एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि आरोपी रविशंकर को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है. परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.

विज्ञापन
Abhishek Singh

लेखक के बारे में

By Abhishek Singh

Abhishek Singh is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola