मेरठ में बुलडोजर की दस्तक से मचा हड़कंप, 44 सील भवनों पर क्यू चलेगा बुलडोजर ?पूरे इलाके सहित बच्चों के स्कूल तक हुए बंद...
मेरठ में 44 सील भवनों पर बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी, पूरा इलाका सील
UP News: मेरठ के सेंट्रल मार्केट में 44 सील संपत्तियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की तैयारी है, जिसके चलते भारी पुलिस बल और बुलडोजर तैनात किए गए हैं। सुप्रीम कोर्ट में अगली सुनवाई से पहले हलचल बढ़ गई है, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और बच्चों के स्कूल भी बंद रखे गए हैं।
UP News: मेरठ के शास्त्री नगर स्थित सेंट्रल मार्केट में बुधवार सुबह से माहौल तनावपूर्ण है. 44 सील संपत्तियों पर ध्वस्तीकरण कार्रवाई की तैयारी के बीच भारी पुलिस बल और बुलडोजर तैनात किए गए हैं. पूरे इलाके में बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोक दी गई है. इसका असर स्कूल जाने वाले बच्चों पर भी पड़ा. वहीं, मीडिया कर्मियों को अंदर जाने और कार्रवाई की वीडियोग्राफी करने से भी रोक दिया गया.
सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से पहले बढ़ी हलचल
सेंट्रल मार्केट की 44 संपत्तियों को लेकर मामला सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है. 21 सितंबर को इस मामले में सुनवाई होनी है. इससे पहले आवास एवं विकास परिषद को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन की रिपोर्ट दाखिल करनी है. इसी वजह से बुधवार को इलाके में कार्रवाई की तैयारी तेज दिखाई दी.
आवासीय भवनों में चल रहे थे व्यावसायिक प्रतिष्ठान
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद परिषद ने इन 44 संपत्तियों को सील किया था. इन संपत्तियों में आवासीय भवनों में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होने की बात सामने आई थी. इनमें व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स, स्कूल, अस्पताल, मिठाई की दुकान, ज्वैलरी शोरूम, डेयरी और सैलून समेत कई प्रतिष्ठान शामिल थे.
15 दिन का दिया गया था समय
परिषद की ओर से संपत्ति स्वामियों को नोटिस जारी किए गए थे. नोटिस में 15 दिन के भीतर ध्वस्तीकरण से संबंधित कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे. निर्धारित समय सीमा पहले ही पूरी हो चुकी है. अब सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन को लेकर परिषद की कार्रवाई पर सबकी नजर है.
बाजार में जुटे व्यापारी, सामान निकालने लगे दुकानदार
ध्वस्तीकरण की तैयारी की जानकारी मिलते ही सेंट्रल मार्केट में व्यापारियों की हलचल बढ़ गई. कई दुकानदार अपनी दुकानों से सामान निकालते नजर आए. वहीं, मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती से पूरे इलाके में तनाव और बेचैनी का माहौल बना रहा.
बैरिकेडिंग से रास्ते बंद, बच्चों को भी रोका गया
शास्त्री नगर और सेंट्रल मार्केट के आसपास कई जगह बैरिकेडिंग की गई. लोगों की आवाजाही को नियंत्रित किया गया. इस दौरान स्कूल जाने वाले बच्चों को भी रास्ते में रोके जाने की बात सामने आई. सुबह के समय इलाके में पुलिस की सख्ती साफ दिखाई दी.
मीडिया की एंट्री पर रोक
कार्रवाई के दौरान मीडिया कर्मियों को भी सेंट्रल मार्केट के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई. पत्रकारों को कैमरा चलाने और ध्वस्तीकरण की वीडियोग्राफी करने से भी रोका गया. अधिकारियों का हवाला देते हुए पुलिस ने कई स्थानों पर मीडिया की आवाजाही रोक दी.
44 संपत्तियों पर कार्रवाई, 21 सितंबर को फिर होगी सुनवाई
सेंट्रल मार्केट की 44 सील संपत्तियों को लेकर सुप्रीम कोर्ट में 21 सितंबर को सुनवाई प्रस्तावित है. इससे पहले आवास एवं विकास परिषद की ओर से आदेश के अनुपालन की कार्रवाई की जा रही है. बुधवार को छह भवनों पर कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है. अब इस मामले में आगे की कार्रवाई और सुप्रीम कोर्ट में दाखिल होने वाली रिपोर्ट पर नजर रहेगी.
Also Read: मेरठ के सेंट्रल मार्केट में रातों-रात क्यों तैनात हुई पुलिस? JCB भी पहुंची, सुबह 6 बजे का इंतजार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए