Mathura Video Viral : JE को कार से कुचला और घसीटता रहा चालक , मामूली टक्कर का खौफनाक अंजाम
मथुरा में सड़क पर हादसा, मचा हड़कंप
UP News: मथुरा में एक मामूली कार टक्कर का विवाद इतना बढ़ गया कि एक ड्राइवर ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के जेई विक्रांत भारती पर कार चढ़ा दी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई.
UP News: उत्तर प्रदेश के मथुरा में गाड़ी टकराने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि एक शख्स ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अवर अभियंता (JE) पर ही कार चढ़ा दी. आरोप है कि कार चालक ने JE विक्रांत भारती को पहले टक्कर मारी और फिर कई मीटर तक घसीटता हुआ ले गया. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि, राहत की बात यह है कि JE की जान बच गई. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है. आरोपी कार चालक के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है और उसकी तलाश की जा रही है.
मसानी चौराहे के पास हुआ पूरा विवाद
यह मामला थाना गोविंद नगर क्षेत्र के मसानी चौराहे के पास का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, विक्रांत भारती की कार की दूसरी कार से टक्कर हो गई थी. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. आरोप है कि बहस के दौरान दूसरे कार चालक ने अपना आपा खो दिया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उसने विक्रांत भारती की तरफ कार दौड़ा दी.
कार की टक्कर से गिरे JE, फिर भी नहीं रुका चालक
वायरल वीडियो में घटना का खौफनाक दृश्य दिखाई दे रहा है. कार चालक तेजी से गाड़ी आगे बढ़ाता है और सामने खड़े विक्रांत भारती को टक्कर मार देता है. टक्कर लगने के बाद वह जमीन पर गिर जाते हैं और कार के पहियों के नीचे आ जाते हैं. इसके बावजूद चालक गाड़ी रोकने के बजाय आगे बढ़ाता रहता है. आरोप है कि उसने JE को कई मीटर तक घसीट दिया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस अब वायरल वीडियो और दूसरे सबूतों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.
SP सिटी ने बताया- जान से मारने की कोशिश
एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि मसानी चौराहे के पास गाड़ी टकराने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था. इसी दौरान दूसरे चालक ने विक्रांत भारती पर गाड़ी चढ़ाकर उन्हें जान से मारने का प्रयास किया. उन्होंने बताया कि मामले में अटेम्प्ट टू मर्डर का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है.
Also Read: चित्रकूट में बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे CM योगी, 800 बेघरों परिवारों को जमीन मिलने का किया ऐलान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए