UP MLC Election 2023 Live: सभी 5 सीटों पर मतदान संपन्न, कानपुर स्नातक क्षेत्र में सबसे कम 40.93 प्रतिशत वोटिंग
UP MLC Election Voting Live Updates: उत्तर प्रदेश विधान परिषद (UP Legislative Council Election) की पांच सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए सोमवार यानी आज मतदान हो रहा है. मतदान प्रक्रिया यूपी के 39 जिलों में सुबह आठ बजे से शुरू हो चुकी है, जोकि शाम चार बजे तक चलेगी. चुनाव परिणाम के लिए दो फरवरी को मतगणना होगी. इस दौरान बरेली, झांसी, गोरखपुर और कानपुर में काउंटिंग होगी. फिलहाल, कड़ी सुरक्षा के बीच अलग-अलग जिलों में मतदान प्रक्रिया लगातार जारी है. सुबह के समय पोलिंग बूथ पर मतदाताओं की संख्या कम रही, जोकि 10 बजे के बाद से बढ़ने लगी है.
पांच एमएलसी सीटों पर कानपुर स्नातक क्षेत्र में सबसे कम 40.93 प्रतिशत मतदान
यूपी विधान परिषद के पांच एमएलसी सीटों का द्विवार्षिक निर्वाचन सोमवार को संपन्न हो गया. इसमें गोरखपुर फैजाबाद स्नातक क्षेत्र में 43.19 प्रतिशत, कानपुर स्नातक क्षेत्र में 40.93 प्रतिशत और बरेली मुरादाबाद स्नातक क्षेत्र में 53.72 प्रतिशत मतदान संपन्न हुआ. वहीं इलाहाबाद झांसी शिक्षक एमएलसी क्षेत्र में 75.86 प्रतिशत और कानपुर शिक्षक के एमएलसी क्षेत्र में 68.93 प्रतिशत मतदान संपन्न हुआ. यूपी एमएलसी की 5 सीटों पर हुए चुनाव में 2 फरवरी को परिणाम आएगा. बरेली, झांसी, गोरखपुर और कानपुर में मतगणना होगी. यूपी में एमएलसी की 5 सीटों के लिए 63 प्रत्याशी मैदान में थे. प्रदेश के 39 जिलों में सुबह 8 से 4 तक मतदान हुआ.
बरेली-मुरादाबाद खंड निर्वाचन क्षेत्र में 92687 लोगों ने किया मतदान
बरेली-मुरादाबाद खंड निर्वाचन क्षेत्र 2023 में बरेली मंडल के जिलों में 57.36 प्रतिशत मतदान संपन्न हुआ. वहीं मुरादाबाद मंडल में 51.82 प्रतिशत मतदान हुआ. कुल 53.79 प्रतिशत मतदान हुआ. कुल 92687 वोट पड़े हैं.
सभी पांच सीटों पर मतदान संपन्न, 2 फरवरी को मतगणना के बाद आएगा फैसला
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की पांच सीटों के लिए शाम चार बजे मतदान संपन्न हो गया. इनमें शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 2 और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की 3 सीटों पर आज वोट डाले गए. सत्तारूढ़ दल भाजपा और प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी सहित शिक्षक गुट ने अपनी-अपनी जीत के दावें किए हैं. इन सीटों पर 2 फरवरी को मतगणना के बाद फैसला आएगा.
कानपुर में 2 बजे तक स्नातक में 25.68 प्रतिशत, शिक्षक में 48.88 फीसदी मतदान
कानपुर खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में समाविष्ट जनपद कानपुर नगर, कानपुर देहात एवं उन्नाव से प्राप्त सूचना के आधार पर अपराह्न 02:00 बजे तक का मतदान का स्नातक 25.68 प्रतिशत एवं शिक्षक 48.88 प्रतिशत है.
गोरखपुर में 2 बजे तक 27 फीसदी मतदान
गोरखपुर फैजाबाद खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में एमएलसी चुनाव में गोरखपुर जनपद में मतदान प्रक्रिया लगातार जारी है. इस क्रम में विधान परिषद निर्वाचन में सुबह 8 बजे से 2 बजे तक लगभग 27% का मतदान हुआ है
कानपुर खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए मतदान जारी
कानपुर खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में समाविष्ट जनपद कानपुर नगर, कानपुर देहात एवं उन्नाव में मतदान प्रक्रिया लगातार जारी है. यहां 12 बजे तक स्नातक चुनाव के लिए 14.80 प्रतिशत एवं शिक्षक चुनाव के लिए 25.27 प्रतिशत मतदान हो चुका है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए