UP PWD में अब प्रमोशन का रास्ता साफ, JE से AE बनने का इंतजार खत्म; पात्रता सूची हुई तैयार
PWD कर्मचारियों की प्रमोशन प्रक्रिया में आई तेजी (सांकेतिक तस्वीर)
UP PWD के सैकड़ों कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है. मानव संपदा पोर्टल की तकनीकी बाधा दूर होने के बाद, पदोन्नति प्रक्रिया को हरी झंडी मिल गई है. जूनियर इंजीनियर से सहायक अभियंता पदोन्नति का इंतजार जल्द खत्म होगा.
UP PWD Promotion Update: लोक निर्माण विभाग (PWD) के उन सैकड़ों कर्मचारियों के लिए राहत की खबर है, जिनकी पदोन्नति तकनीकी पेंच में अटकी थी. मानव संपदा पोर्टल की समस्या दूर होने के बाद विभाग ने प्रमोशन से जुड़ी जरूरी प्रविष्टियां अपलोड कर दी हैं. पात्रता सूची भी तैयार हो चुकी है. अब इसे शासन को भेजने की तैयारी है.
पोर्टल की दिक्कत दूर होते ही तेजी
मानव संपदा पोर्टल के डीपीसी मॉड्यूल में दिव्यांग कर्मचारियों का ब्योरा दर्ज करने की सुविधा नहीं थी. इसके चलते रिक्त पदों में दिव्यांग कर्मचारियों के लिए आरक्षण से जुड़ी जानकारी भी प्रदर्शित नहीं हो रही थी. इसका सीधा असर प्रमोशन प्रक्रिया पर पड़ा. जूनियर इंजीनियर, आर्किटेक्ट और ड्राफ्टमैन समेत कई पदों की पदोन्नति प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही थी.
तीन दिन में बदल गई तस्वीर
कर्मचारियों की समस्या सामने आने के बाद 7 सितंबर को लोक निर्माण विभाग ने कार्मिक विभाग को पत्र भेजा. इसके बाद 8 सितंबर को एनआईसी ने मानव संपदा पोर्टल के डीपीसी मॉड्यूल की तकनीकी खामी दूर कर दी. अगले ही दिन, 9 सितंबर को PWD ने पदोन्नति से जुड़ी सभी जरूरी प्रविष्टियां पोर्टल पर अपलोड कर दीं. 10 सितंबर को पात्रता सूची भी तैयार हो गई. अब इसे शासन को भेजे जाने की तैयारी है.
JE से AE पदोन्नति पर नजर
लोक निर्माण विभाग में जूनियर इंजीनियर से सहायक अभियंता पद पर पदोन्नति लोक सेवा आयोग के माध्यम से होती है. इसके लिए शासन की ओर से पात्रता सूची के साथ प्रस्ताव आयोग को भेजा जाता है. ऐसे में पात्रता सूची तैयार होने के बाद अब जेई समेत अन्य कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है.
दिव्यांग आरक्षण बना था बड़ी बाधा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार नियमों के तहत रिक्त पदों में दिव्यांगजनों के लिए चार प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है. पोर्टल पर इसका ब्योरा दर्ज नहीं हो पाने से पात्रता सूची तैयार करने में अड़चन आ रही थी. डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के प्रदेश अध्यक्ष एनडी द्विवेदी और मीडिया प्रभारी मनोज श्रीवास्तव ने समस्या के समाधान पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया है. कर्मचारियों को अब उम्मीद है कि लंबित पदोन्नति मामलों का जल्द निस्तारण होगा.
Also Read: पहले साथ खेला, फिर डीजल डाला... माचिस जलते ही छह साल के बच्चे के साथ सीतापुर में हुआ खौफनाक हादसा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए