Live Updates

UP Budget Session 2023 Live: सुरेश खन्ना खांडसारी यूनिट को लेकर बोले- टैक्स से बाहर है राब

Updated:
विज्ञापन

UP Budget Session 2023 Live: उत्तर प्रदेश विधानमंडल बजट सत्र में सोमवार की कार्यवाही जारी है. विधानसभा में सरकार की ओर से सदस्यों के सवालों के जवाब दिए जा रहे हैं. विपक्ष सरकार को सवालों से घेरने में जुटा है. राज्यपाल के अभिभाषण से ही विपक्ष जातिवार जनगणना की मांग सहित अन्य मुद्दों पर सरकार पर आरोप लगा रहा है. प्रयागराज में उमेश पाल हत्याकांड को लेकर भी विपक्ष ने सरकार को घेरा. वहीं सत्ता पक्ष की ओर से भी विपक्ष पर जमकर निशाना साधा जा रहा है. बजट सत्र में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव को निशाने पर लिया.

विज्ञापन

सुरेश खन्ना बोले- जमीन का पानी देखकर हिमालय पहुंच गया विपक्ष, राब टैक्स से बाहर

विधानसभा में सोमवार को सपा के माता प्रसाद पांडेय सहित विपक्ष के अन्य सदस्यों ने खांडसारी से जुडे विषय पर सरकार को घेरने की कोशिश की और मामला प्रवर समिति में भेजने की मांग की. सदस्यों ने कहा कि खांडसारी इकायों को टैक्स से छूट दी जानी चाहिए, जिससे किसानों को नुकसान नहीं हो. इससे जुड़ा मामला प्रवर समिति को भेजने के बाद कमियां दूर की जा सकेंगी.

इस पर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि विपक्ष के सदस्य जमीन का पानी देखकर हिमालय पर्वत पर पहुंच गए कि उसको नुकसान हो जाएगा. पानी जमीन का है. लेकिन वे बता रहे हैं कि हिमालय पर्वत के ऊपर नुकसान हो जाएगा. उन्होंने कहा कि गन्ना किसान अपना गन्ना बेचेगा तो या कोल्हू पर बेचेगा या फिर खांडसारी यूनिट को बेचेगा. हम खांडसारी यूनिट को लेकर सीधे-सीधे कुछ नहीं करने जा रहे हैं. खांडसारी यूनिट पहले या तो गुड़ बनाती है या फिर राब बनाती है. गन्ने के रस से यहां तो राब बनाया जाता है या गुड़ बनता है. गन्ने के रस से राब के बाद फिर शक्कर बनाने का काम होता है, इस तरह यह बॉय प्रोडक्ट है. सीधा सीधा प्रोडक्ट नहीं है. इसलिए इसको प्रभावित नहीं किया जा रहा है. जहां तक राब के टैक्स की बात है, राब को पूरी तरह से अलग रखा गया है. राब टैक्स से बाहर है और आज की तारीख में गुड़ टैक्स से बाहर है.

अखिलेश यादव बोले- चिकित्सक भर्ती निकालने के बाद बार-बार विज्ञापन हो रहे रद्द, जवाब दे सरकार

विधानसभा में बजट सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने अस्पतालों में सरकारी चिकित्सकों की भर्ती के लिए बार-बार विज्ञापन निकालने और फिर उन्हें रद्द किए जाने का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि सरकार लगातार विज्ञापन निकालती है और उसे कैंसिल कर देती है. राजधानी के सबसे प्रतिष्ठित लखनऊ कैंसर इंस्टिट्यूट के लिए भी विज्ञापन निकाला गया और फिर कैंसिल कर दिया गया. इसी तरह सैफई यूनिवर्सिटी को लेकर भी सरकार ने विज्ञापन निकलवाया और फिर कैंसिल कर दिया.

नेता प्रतिपक्ष ने उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक से सवाल किया कि आखिर इसका क्या कारण है? क्या आप किसी को खुश करने के लिए करने के लिए या किसी का इंतजार करने के लिए तो ऐसा नहीं कर रहे हैं कि जब उसका कोर्स पूरा हो जाएगा, तब उसे विज्ञापन के माध्यम से शामिल कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि 45 मेडिकल कॉलेज हैं, मैं सिर्फ दो बारे में पूछ रहा हूं. लखनऊ कैंसर इंस्टिट्यूट में जो पद खाली हैं, वह कब तक भरे जाएंगे. इस पर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि यह प्रश्न मूल प्रश्न से हटकर है. इसलिए वह अधिकारियों से बात करेंगे कि ऐसा क्यों हुआ? उन्होंने कहा कि इसके बाद वह इस संबंध में सदन को अवगत कराएंगे.

आराधना मिश्रा बोलीं- पांच वर्षों में आवारा पशुओं की संख्या में 17 प्रतिशत इजाफा

कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा सहित अन्य सदस्यों ने विधानसभा में सोमवार को आवारा पशुओं से किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान का मुद्दा उठाया. आराधना मिश्रा ने कहा कि प्रदेश की लगभग 70 प्रतिशत आबादी कृषि पर आधारित है. किसान खाद, डीजल, बिजली आदि के महंगे होने के बावजूद उत्पादन करता है, इसके बाद उसके फसल की रक्षा करने के लिए पहरेदारी करनी पड़ती है. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 5 वर्षों में आवारा पशुओं की संख्या में 17 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. आवारा पशुओं की 11.15 लाख बढ़ी है. सरकार ने खेत के चारों और कंटीले तार लगाने पर प्रतिबंध लगा दिया है. इसके जवाब में सरकार की ओर से कहा गया ​कि कंटीले तारों की वजह से गोवंश की मौत हो रही थी. उनके पेट में जहरीले तार लगने के कारण वह तड़प कर मर जाते हैं, इसलिए इस पर रोक लगाई गई है. किसान इसके अलावा दूसरे तार लगा सकते हैं.

विधानसभा में उठा सड़क हादसों का मामला, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने दिया जवाब

विधानसभा में सोमवार को शामली से विधायक प्रसन्न चौधरी ने प्रदेश में हादसे में प्रतिदिन 50 से 60 मौतों का जिक्र करते हुए सरकार से ट्रामा सेंटर की जानकारी मांगी. इस पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि हमारी सरकार से पहले 13 मेडिकल कॉलेज थे, वहीं अब हर जनपद मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में 36 ट्रामा सेंटर हैं. लेकिन, चिकित्सकों की कमी की वजह से दिक्कत है. इसलिए सरकार 2382 विशेषज्ञ चिकित्सकों की भर्ती करने जा रही है, इसके लिए विज्ञापन निकाला गया है. उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सक सरकारी सेवाओं में आने से कतराते हैं. इसलिए हमने इसमें उनका वेतन 5 लाख तक करने का फैसला किया है. आवेदन करने की अंतिम तारीख 18 मार्च है. विशेषज्ञ चिकित्सक मिलते ही हम सभी ट्रामा सेंटर में व्यवस्थित ढंग से इलाज की व्यवस्था करेंगे. इसके साथ ही सभी मेडिकल कॉलेजों में उच्च कोटि की व्यवस्था मिले, इसके लिए भी सरकार काम कर रही है.

विधानसभा की कार्यवाही शुरू, विपक्ष की सरकार को घेरने की तैयारी

उत्तर प्रदेश विधानमंडल बजट सत्र में सोमवार की कार्यवाही शुरू हो गई है. विपक्ष की सरकार को घेरने की तैयारी है. शनिवार को नेता सदन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव के बीच जमकर बहस हुई थी. नेता प्रतिपक्ष ने प्रयागराज में उमेश पाल हत्याकांड को लेकर कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया तो नेता सदन ने सपा पर ही आरोपों की झड़ी लगा दी. विपक्ष सदन के बाहर भी सत्ता पक्ष पर आरोप लगा रहा है, उसके तेवर बरकरार हैं. ऐसे में सदन में सोमवार को भी हंगामा होने के आसार हैं.

राज्यपाल के अभिभाषण पर सीएम योगी आदित्यनाथ व सदन ने दिया धन्यवाद, बजट चर्चा शुरू

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपना जवाब समाप्त कर दिया. इसके बाद स्पीकर सतीश महाना ने नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव के राज्यपाल के अभिभाषण में संशोधन के प्रस्ताव को खारिज कर दिया. स्पीकर ने सदन में बजट पर चर्चा शुरू दी.

इससे पहले नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव और नेता सदन योगी आदित्यनाथ के बीच तीखी नोंक-झोंक हुई. उमेश पाल हत्याकांड को लेकर नेता प्रतिपक्ष के सवाल पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि माफिया अतीक अहमद सपा पोषित है. इस माफिया को वह मिट्टी में मिला देंगे.

इसके अलावा उन्होंने स्वास्थ्य, कृषि, निवेश, युवा कल्याण, महिला कल्याण, किसानों, शिक्षा, उच्च शिक्षा को बारे में एक के बाद एक जवाब दिया. इस दौरान बीच-बीच में विपक्ष की टीका-टिप्पणी जारी रही.

विज्ञापन
विज्ञापन
Sanjay Singh

लेखक के बारे में

By Sanjay Singh

working in media since 2003. specialization in political stories, documentary script, feature writing.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola