बांदा में बोले पीएम मोदी- अब विपक्ष ईवीएम को दे रहा है गाली, इनके हाथ लगेगा जीरो बट्टा सन्नाटा

Updated at : 25 Apr 2019 2:20 PM (IST)
विज्ञापन
बांदा में बोले पीएम मोदी- अब विपक्ष ईवीएम को दे रहा है गाली, इनके हाथ लगेगा जीरो बट्टा सन्नाटा

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के बांदा में रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विपक्ष ने फिर एक बार इवीएम का राग छेड़ दिया है. ये लोग पहले मोदी को गाली देते थे लेकिन तीन फेज के चुनाव के बाद इन्होंने ईवीएम को गाली देना शुरू कर दिया. मैं यहां आपको […]

विज्ञापन

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के बांदा में रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विपक्ष ने फिर एक बार इवीएम का राग छेड़ दिया है. ये लोग पहले मोदी को गाली देते थे लेकिन तीन फेज के चुनाव के बाद इन्होंने ईवीएम को गाली देना शुरू कर दिया. मैं यहां आपको बताना चाहूंगा कि अब इनके हाथ लगेगा जीरो बट्टा सन्नाटा…
यहां देखें रैली का वीडियो

उन्होंने कहा कि सपा और बसपा वाले मेरी जाति का सर्टिफिकेट बांटने में जुटे हैं और कांग्रेस के नामदार मोदी के बहाने पूरे पिछड़े समाज को ही गाली देने में लगे हैं. ये जात-पात, पंथ-संप्रदाय तक ही सोच सकते हैं. एक भारत, श्रेष्ठ भारत की बात ये नहीं करना चाहते हैं.

रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जमीन से पूरी तरह कट चुके लोग इस बार अपने ही खेल में फंस गये हैं. इनकों पता ही नहीं चला कि 21वीं सदी का वोटर, ये नौजवान जिसकी जिंदगी के सारे सपने अधूरे हैं और वो इन्हें पूरा करने के लिए खपने के लिए तैयार है वो क्या चाहता है ? वो इन नेताओं की समझ से बाहर है. उन्होंने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में पहली बार वोट डालने जा रहा नौजवान, नए भारत के नए संस्कारों का निर्माण कर रहा है. इसकी वजह है कि उस पर अतीत का बोझ नहीं है, उसके पास सिर्फ भविष्य के सपने हैं. उन्होंने कहा कि आप मुझे बताइये हमारे देश के महान बलिदानी भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु, झांसी की रानी और सुभाष चंद्र बोस किस जाति के थे ? एक भी महापुरुष अपनी जाति से नहीं जाना जाता बल्कि अपने कार्यों से जाना जाता हैं. हर कोई भारतवासी था.

पीएम मोदी ने कहा कि हमने संकल्प लिया है कि पानी के लिए अलग से जलशक्ति मंत्रालय बनाया जाएगा, जिसका अलग से बजट होगा. नदियां हों, समंदर हों, वर्षा का पानी हो, जितने भी संसाधन हैं सब जगह से तकनीक का उपयोग करके ज़रूरतमंद क्षेत्रों में जल पहुंचाया जाएगा. उन्होंने कहा कि आज़ादी के इतने वर्षों तक जाति-बिरादरी के नाम पर वोट मांगे गये. लेकिन फिर क्या हुआ ? सत्ता में आते ही बदले की कार्रवाई शुरु हो जाती थी. राजनीति के इस मॉडल ने सिर्फ व्यक्ति-व्यक्ति में ही भेद नहीं किया बल्कि क्षेत्रों के आधार पर भी भेदभाव किया गया. आज जो गांव-गांव में सड़कें बन रही हैं, वहां हर जाति, हर पंथ के लोग चलते हैं. हर गांव और हर घर तक बिजली पहुंच रही है, वो हर जाति, हर पंथ को मिल रही है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यहां की बहनों का पानी को लेकर संघर्ष में अनुभव करता हूं, मैंने ये दर्द करीबी से देखा है. इस चुनौती को भी इस चौकीदार ने स्वीकार किया है. जैसे पहले चुल्हे के धूंए से मुक्ति दी, उसी तरह अब बारी पानी की समस्या से निपटा जाएगा. उन्होंने कहा कि 23 मई को जब आप ‘फिर एक बार मोदी सरकार’ बनाएंगे तो पानी की समस्या दूर करने के लिए मिशन मोड पर काम किया जाएगा.

रैली में पहुंचे लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जनहित के लिए बड़े काम तभी होते हैं जब समर्पण भाव से काम किया जाता है. जब सत्ताभोग के बजाय सेवा भाव से काम होता है तब ऐसे काम होते हैं. आजादी के बाद किसानों के लिए पहली बार सीधी मदद की स्कीम मोदी सरकार ने बनायी है. पीएम किसान सम्मान निधि के तहत देश के करीब 12 करोड़ किसानों के बैंक खाते में पैसे आ रहे हैं। यूपी के 1 करोड़ से अधिक किसानों को पहली किस्त पहुंच चुकी है. उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद जब फिर एक बार मोदी सरकार आएगी, तो हम पीएम किसान सम्मान निधि योजना से 5 एकड़ की शर्त हटाकर इस योजना का लाभ देश के सभी किसानों को पहुंचाएंगे, चाहे उनके पास कितनी भी जमीन हो.

प्रधानमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड में खेती के साथ-साथ औद्योगिक विकास हो, इसके लिए विशेष प्रयास किये जा रहे हैं. बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे जैसी महत्वपूर्ण परियोजना से इस पूरे क्षेत्र का भाग्य बदलने वाला है. अब बुंदेलखंड को देश की सुरक्षा और विकास का कॉरिडोर बनाने की तरफ हम तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं. बुंदेलखंड ने मां भारती के गौरव गान की पुरानी परम्परा है. आज जब मैं यहां पहुंचा तो एक वीर जवान को नमन करने का मौका मिला. वो कतार में मेरे स्वागत के लिए खड़े थे. जब संसद में हमला हुआ था तो इसी धरती के उस वीर जवान 6 गोलियां झेली थीं.

उन्होंने कहा कि झांसी से आगरा तक बन रहा डिफेंस कॉरिडोर देश में ही सेना के लिए अस्त्र शस्त्र बनाने के अभियान को मजबूत करेगा. मोदी दल के लिए नहीं बल्कि देश के लिए पैदा हुआ है. मोदी अपने लिए नहीं बल्कि अपनों के लिए, आपके लिए पैदा हुआ है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola