लखनऊ में ‘लव जिहाद’ के आरोप से गरमाया मामला, युवती को कार के बोनट पर घसीटता रहा, आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ में युवती को कार से घसीटने का आरोपी शाहनवाज गिरफ्तार.
UP Crime News: लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क के पास एक युवती को कार के बोनट पर घसीटने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. आरोपी युवक ने कथित तौर पर अपनी पहचान छिपाकर रिश्ता बनाया था. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
UP Crime News: लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क के सामने सुबह-सुबह एक कथित प्रेम कहानी का खौफनाक अंत होते-होते बचा. आरोप है कि जिस युवक को अनामिका ‘यश ठाकुर’ के नाम से जानती थी, उसकी असली पहचान सामने आने के बाद दोनों के बीच विवाद हुआ. इसी बीच युवक ने कार आगे बढ़ा दी. युवती कार के बोनट पर जा गिरी और कुछ दूर तक घिसटती रही. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी शाहनवाज को गिरफ्तार कर लिया है.
‘यश ठाकुर’ बनकर रिश्ता बनाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, शाहनवाज और अनामिका पहले से एक-दूसरे को जानते थे. आरोप है कि शाहनवाज ने अपनी पहचान छिपाकर खुद को ‘यश ठाकुर’ बताया था. इसी पहचान के साथ उसने अनामिका से प्रेम संबंध बनाए. बाद में अनामिका को उसकी असली पहचान के बारे में पता चला. इसके बाद दोनों के बीच विवाद होने लगा.
नई गर्लफ्रेंड के साथ दिखा आरोपी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अनामिका सुबह जनेश्वर मिश्र पार्क के पास चाय पीने पहुंची थी. इसी दौरान उसने शाहनवाज को दूसरी लड़कियों के साथ देखा. आरोप है कि शाहनवाज अपनी नई गर्लफ्रेंड के साथ वहां आया था. अनामिका ने उसे रोकने की कोशिश की. इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ. इसके बाद आरोपी ने कार आगे बढ़ा दी.
बोनट पर गिरी युवती, लोग रोकते रहे कार
घटना के वायरल वीडियो में अनामिका कार के बोनट पर दिखाई दे रही है. कार आगे बढ़ती है तो वह उसके साथ घिसटती नजर आती है. आसपास मौजूद लोग कार को रोकने की कोशिश करते हैं. कुछ लोग कार की तरफ पत्थर फेंकते भी दिखाई देते हैं. एक चश्मदीद के मुताबिक, युवती करीब 200-300 मीटर तक कार के साथ घिसटती रही.
वीडियो वायरल होने के बाद गिरफ्तार हुआ शाहनवाज
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया. कार नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की गई. पुलिस ने अब शाहनवाज को गिरफ्तार कर लिया है. पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए CHC भेजे जाने की जानकारी है. पुलिस पहचान छिपाकर रिश्ता बनाने और कार से टक्कर मारने के आरोपों समेत पूरे मामले की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए