रक्षाबंधन पर मिठाई खरीदने से पहले हो जाएं सावधान, लखनऊ में 13.45 लाख का संदिग्ध खाद्य सामान पकड़ा गया

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

रक्षाबंधन के त्योहार से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. लखनऊ में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर 13.45 लाख रुपये का संदिग्ध खाद्य सामग्री से लदी तीन गाड़ियाँ पकड़ी गईं. विभाग ने 10 नमूने जांच के लिए भेजे हैं.

विज्ञापन

Raksha Bandhan Sweets : रक्षाबंधन के त्योहार से पहले मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने बड़ी कार्रवाई की है. राजधानी लखनऊ में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर देर रात छापेमारी कर संदिग्ध खाद्य सामग्री से लदी तीन गाड़ियों को पकड़ा गया. वाहनों से बरामद करीब 13.45 लाख रुपये की खाद्य सामग्री को सीज कर ऐशबाग स्थित स्वरूप कोल्ड स्टोरेज में सुरक्षित रखवा दिया गया है.

विज्ञापन

तीन संदिग्ध गाड़ियों को एक्सप्रेसवे पर रोका

रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए आयुक्त एफएसडीए और लखनऊ डीएम के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने 24 अगस्त की देर रात आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर घेराबंदी की. इस दौरान अलग-अलग जिलों से आ रही तीन संदिग्ध गाड़ियों UP83DT1719, UP75DT0922 और UP86AT8529 को रोका गया. टीम ने वाहन चालकों से माल से संबंधित जानकारी मांगी, लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके. इसके बाद तीनों वाहनों को खाद्य सामग्री समेत पारा थाने में सुरक्षित खड़ा करा दिया गया.

जांच में सामने आया लाखों रुपये का माल

सहायक आयुक्त (खाद्य)-II विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने पारा थाने पहुंचकर वाहनों की सघन तलाशी ली. जांच के दौरान अलग-अलग फर्मों की खाद्य सामग्री बरामद हुई. हाथरस की फर्म का 50 गत्ता आम पापड़, करीब 4.80 लाख रुपये के क्रीम कोन, आगरा की फर्म का 1.80 लाख रुपये का पिसा बेर चूरन, इमली चटनी, ग्वालियर की फर्म का करीब 10.41 लाख रुपये का खाद्य तिल और मूंगफली का तेल. पूरे माल की कुल कीमत करीब 13,45,627 रुपये बताई गई है.

तेल, चूरन और आम पापड़ के लिए गए 10 नमूने

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके से तेल, चूरन, आम पापड़ और क्रीम कोन समेत खाद्य पदार्थों के कुल 10 नमूने जांच के लिए लिए. नमूनों को राज्य विश्लेषण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है. लैब रिपोर्ट आने तक जब्त खाद्य सामग्री को सुरक्षित रखने के लिए ऐशबाग स्थित स्वरूप कोल्ड स्टोरेज में सीज कर दिया गया है. विभाग के मुताबिक जांच रिपोर्ट आने तक इस सामग्री से किसी भी तरह की छेड़छाड़ नहीं की जा सकेगी.

दुबग्गा में खोया लदी गाड़ी भी पकड़ी

इसी अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुबग्गा इलाके में संदिग्ध खोया लदी एक गाड़ी को भी पकड़ा. मौके पर Food Safety on Wheels मोबाइल लैब के जरिए खोया की प्राथमिक जांच की गई. प्रारंभिक जांच में गंभीर मिलावट की पुष्टि नहीं होने पर टीम ने खोया के चार नमूने सील किए और वाहन को आगे जाने की अनुमति दे दी.

लैब रिपोर्ट के बाद होगी सख्त कार्रवाई

सहायक आयुक्त विजय प्रताप सिंह ने बताया कि सभी नमूनों को राज्य विश्लेषण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है. जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि खाद्य सामग्री में मिलावट या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए लखनऊ में खाद्य पदार्थों की जांच और चेकिंग का अभियान लगातार जारी रहेगा। खासतौर पर मिठाई, खोया और अन्य खाद्य सामग्री की सप्लाई पर विभाग की नजर रहेगी.

Also Read : यूपी में चीनी के दाम में गिरावट, 2 दिन में 300 रुपये क्विंटल तक घटे भाव, जानें अब कितना है रेट


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola