लखनऊ में घर का सपना होगा और खास, LDA बनाएगा 28 मंजिल का नौटिका ग्रीन्स अपार्टमेंट, टावर में होंगे 500 फ्लैट और 20 पेंटहाउस
28 मंजिल के टावर में होंगे लग्जरी फ्लैट और पेंटहाउस (AI)
लखनऊ में लग्जरी आवासीय परियोजनाओं का विस्तार हो रहा है. नौटिका ग्रीन्स अपार्टमेंट, 28 मंजिला पांच टावरों के साथ, 500 प्रीमियम फ्लैट और पेंटहाउस की पेशकश करेगा. लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने इस हाई-एंड प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है.
Lucknow luxury apartment : लखनऊ में लग्जरी आवासीय परियोजनाओं का दायरा बढ़ने जा रहा है. इकाना स्टेडियम और पलासियो मॉल के बीच 45 मीटर चौड़ी सड़क के किनारे सीजी सिटी में नौटिका ग्रीन्स अपार्टमेंट विकसित किया जाएगा. लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने इस हाई-एंड ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है. करीब 5 एकड़ में विकसित होने वाले इस प्रोजेक्ट में 28 मंजिल के पांच टावर बनाए जाएंगे. इनमें 500 प्रीमियम फ्लैट के साथ पेंटहाउस भी तैयार किए जाएंगे. परियोजना को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की योजना है.
3BHK प्लस स्टडी के 500 प्रीमियम फ्लैट होंगे तैयार
नौटिका ग्रीन्स में 3BHK प्लस स्टडी कैटेगरी के करीब 500 फ्लैट बनाए जाएंगे. प्रत्येक फ्लैट का क्षेत्रफल करीब 2100 वर्गफुट होगा. इसके अलावा करीब 4000 वर्गफुट क्षेत्रफल वाले 20 पेंटहाउस भी तैयार किए जाएंगे. पेंटहाउस को खास तौर पर प्रीमियम श्रेणी में रखा गया है. इनमें करीब 3500 वर्गमीटर का हिस्सा शामिल होगा.
जिम, स्वीमिंग पूल और क्लब हाउस जैसी सुविधाएं
नौटिका ग्रीन्स में रहने वाले लोगों के लिए कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है. यहां आधुनिक जिम, स्वीमिंग पूल, क्लब हाउस और बच्चों के लिए किड्स प्ले एरिया बनाया जाएगा. प्रोजेक्ट में 100 फीसदी पावर बैकअप की सुविधा भी होगी. इसके अलावा 500 से ज्यादा वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था किए जाने की योजना है.
नौटिका ग्रीन्स के आसपास क्या-क्या है?
नौटिका ग्रीन्स का प्रस्तावित स्थल सीजी सिटी अर्बन वेटलैंड, नौसेना शौर्य वाटिका और हार्मनी पार्क के नजदीक है. इसके आसपास संस्कृति स्कूल, सीएसआई टावर, एचसीएल और यूपी पुलिस मुख्यालय जैसे प्रमुख स्थान मौजूद हैं. प्रोजेक्ट की कनेक्टिविटी भी अहम मानी जा रही है. यहां से शहीद पथ और सुल्तानपुर रोड के जरिए शहर के दूसरे हिस्सों तक पहुंच आसान होगी.
LDA की संपत्तियों के लिए लोन लेना होगा आसान
लखनऊ विकास प्राधिकरण की योजनाओं में प्लॉट, मकान, फ्लैट या कमर्शियल प्रॉपर्टी खरीदने वालों के लिए भी राहत की खबर है. रजिस्ट्रेशन के समय एकमुश्त रकम जुटाने की परेशानी को कम करने के लिए एलडीए ने बैंक के साथ समझौता किया है. एलडीए ने पंजाब नेशनल बैंक के बाद अब सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के साथ भी एमओयू साइन किया है. इसके तहत एलडीए की संपत्तियों के लिए रजिस्ट्रेशन मनी से जुड़े लेनदेन में लोगों को बैंकिंग सुविधा मिल सकेगी. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने कहा की इस पहल से प्राधिकरण की योजनाओं में संपत्ति खरीदने के इच्छुक लोगों को सुविधा मिलेगी.
Also Read : वाराणसी में 30 लाख के इनामी नक्सली कमांडर का एनकाउंटर, ATS से मुठभेड़ में बृजेश गंझू ढेर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए