गांव की गृहिणी से KBC कंटेस्टेंट तक पूजा का सफर, 12.5 लाख जीतकर छोड़ा गेम, जानिए कैसे पहुंचीं यूपी की बेटी यहां तक
KBC में अमिताभ बच्चन के साथ पूजा दास (क्रेडिट सोशल मीडिया)
पूजा दास, जिन्होंने अपने संघर्षों से हार नहीं मानी, 'कौन बनेगा करोड़पति 18' में 12.5 लाख रुपये जीतकर घर लौटीं. एक गृहिणी से कंटेंट क्रिएटर बनने तक का उनका सफर प्रेरणादायक है.
UP News: कभी जिंदगी ने पूजा दास से उनके माता-पिता छीन लिए थे. महज 15 साल की उम्र में मां और दो साल बाद पिता का साया भी सिर से उठ गया. गांववालों की पहल पर 21 साल की उम्र में शादी हुई. ससुराल पहुंचीं तो उन्हें यहां भी अपने माता-पिता जैसा अपनापन मिला. यही पूजा अब अपने हुनर और सूझबूझ के दम पर ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ की हॉटसीट तक पहुंचीं और 12.5 लाख रुपये जीतकर घर लौटीं.
KBC की हॉटसीट तक पहुंचीं पूजा
उत्तर प्रदेश के वसीलपुर ग्रांट की रहने वाली पूजा दास ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ में अमिताभ बच्चन के सामने हॉटसीट पर बैठीं. पूजा ने अपनी समझ और सामान्य ज्ञान से कई सवालों के सही जवाब दिए. उन्होंने उपलब्ध लाइफलाइन का समझदारी से इस्तेमाल किया. इस तरह वह 12.5 लाख रुपये के पड़ाव तक पहुंचने में सफल रहीं.
25 लाख के सवाल ने बढ़ाई मुश्किल
12.5 लाख रुपये जीतने के बाद पूजा 25 लाख रुपये के सवाल तक पहुंचीं. उनके पास उस समय सिर्फ ‘महाफ्लिप’ लाइफलाइन बची थी. उन्होंने मुश्किल सवाल को बदलने के लिए इसका इस्तेमाल किया. इसके बाद पूछा गया कि दुनिया का एकमात्र ‘यूनाइटेड नेशन्स मेमोरियल कब्रिस्तान’ किस देश में स्थित है. विकल्प थे- वियतनाम, डीआर कांगो, दक्षिण कोरिया और लेबनान. जवाब को लेकर निश्चित नहीं होने पर पूजा ने गेम क्विट करना बेहतर समझा. उन्होंने 12.5 लाख रुपये लेकर खेल छोड़ दिया. बाद में उन्होंने वियतनाम को जवाब चुना, लेकिन सही उत्तर दक्षिण कोरिया था.
सोशल मीडिया ने बदल दी जिंदगी
पूजा सिर्फ गृहिणी नहीं हैं. वह सोशल मीडिया पर भी अपनी पहचान बना चुकी हैं. वह करीब दो साल से इंस्टाग्राम पर सामाजिक मुद्दों से जुड़े वीडियो बना रही हैं. पिछले कुछ महीनों से उन्होंने इस काम पर ज्यादा ध्यान दिया. उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 1.10 लाख के आसपास फॉलोअर्स हैं. खास बात यह है कि वह अपने गांव की ऐसी कंटेंट क्रिएटर हैं, जो अंग्रेजी में वीडियो बनाती हैं. पूजा के मुताबिक, अंग्रेजी में कंटेंट बनाने से गांव के लोगों की दखलअंदाजी कम रहती है. सोशल मीडिया के इसी सफर के दौरान KBC की टीम ने उनसे संपर्क किया और उनके गांव तक पहुंची.
12वीं की पढ़ाई दो बार, ससुराल से मिला साथ
पूजा ने 12वीं तक पढ़ाई की है. उन्होंने 12वीं की परीक्षा दो बार दी. पहली बार उन्होंने ह्यूमैनिटीज से पढ़ाई की थी. बाद में ससुराल वालों ने उन्हें आगे पढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया. इसके बाद उन्होंने साइंस विषय से दोबारा 12वीं की परीक्षा दी. अंग्रेजी पर उनकी अच्छी पकड़ देखकर अमिताभ बच्चन भी प्रभावित हुए. पूजा ने बताया कि उन्होंने 12वीं की पढ़ाई अंग्रेजी माध्यम से की थी. उनकी निजी जिंदगी भी संघर्षों से भरी रही है. मां की मौत 15 साल की उम्र में और पिता की मौत दो साल बाद हो गई. 21 साल की उम्र में गांववालों की पहल पर उनकी शादी हुई. ससुराल में उन्हें परिवार का पूरा सहयोग मिला. आज वह दो बच्चों की मां हैं और अपनी पहचान कंटेंट क्रिएटर के तौर पर भी बना रही हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए