‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ का दौर ख़त्म, अब अपराधियों की खैर नहीं, टेक्सटाइल कॉन्क्लेव में गरजे CM योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में UP टेक्सटाइल कॉन्क्लेव 2026 में प्रदेश की कानून व्यवस्था पर बयान दिया.उन्होंने 2017 से पहले के 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया' राज को खत्म बताते हुए कहा कि अब अपराधियों के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति है.
UP Textile Conclave 2026: लखनऊ में यूपी टेक्सटाइल कॉन्क्लेव-2026 के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 से पहले की कानून व्यवस्था और मौजूदा स्थिति का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उस समय अपराध, माफिया और भ्रष्टाचार ने प्रदेश की पहचान बदल दी थी. अब सरकार की नीति अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की है.
2017 से पहले माफिया का बोलबाला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की स्थिति किसी से छिपी नहीं थी. उन्होंने दावा किया कि उस दौर में ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ यूपी की पहचान बन चुकी थी. हत्या, फिरौती, अपहरण, कब्जा और गुंडा टैक्स जैसे अपराधों का उद्योग फल-फूल रहा था. कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी.
माफिया चलाते थे समानांतर सरकार
योगी ने कहा कि प्रदेश के कई जिलों में माफिया गिरोह समानांतर सरकार चला रहे थे. वे बेखौफ घूमते थे और अपनी मनमर्जी से काम करते थे. उनकी नजर जिस जमीन पर पड़ती थी, उस पर कब्जे का खतरा पैदा हो जाता था. मुख्यमंत्री के मुताबिक, उस समय सरकार इन गतिविधियों के सामने चुप रहती थी.
यूपी की पहचान को लेकर भी कही बात
मुख्यमंत्री ने कहा कि उस दौर में उत्तर प्रदेश के नागरिकों को पहचान के संकट का सामना करना पड़ता था. यूपी का नाम सुनकर लोग किराये पर घर देने से भी कतराते थे. उन्होंने इसे किसी भी समाज और नागरिक के लिए बड़ी त्रासदी बताया. योगी के अनुसार, ऐसी स्थिति का सीधा असर प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ा और विकास की रफ्तार प्रभावित हुई.
2017 के बाद बदला उत्तर प्रदेश
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में बड़ा बदलाव आया है. अब प्रदेश में कानून का राज है और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है.बेटियों की तरफ गलत नजर से देखने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. ऐसे लोगों के लिए जगह जेल होगी या फिर जहन्नुम.सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है. उन्होंने कहा कि उद्योगों के लिए बेहतर माहौल बनाने पर भी सरकार ने काम किया है. अपराध, अपराधियों और भ्रष्टाचार से निपटना सरकार की रणनीति का अहम हिस्सा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए