कौशांबी ब्लास्ट के बाद SRN में दिखा दर्द का मंजर, घायलों से मिले केशव मौर्य, इलाज से लेकर जांच तक का दिया भरोसा
घायलों से मिले केशव मौर्य
कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल का दौरा किया. उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनके परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया.
Kaushambi Blast: कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद घायलों के इलाज की स्थिति जानने के लिए उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य सोमवार को प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल (SRN) पहुंचे. उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की और उनके परिजनों से भी घटना की जानकारी ली. इस दौरान उन्होंने घायलों के स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में डॉक्टरों से जानकारी हासिल की.
‘हादसा बेहद दुखद, इलाज में किसी तरह की लापरवाही न हो’
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने हादसे को बेहद दुखद और हृदय विदारक बताया. उन्होंने कहा कि इस घटना में एक ही परिवार के कई लोगों की जान चली गई है, जबकि एक घायल की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है. उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है. डिप्टी सीएम ने SRN अस्पताल के डॉक्टरों को निर्देश दिया कि इलाज में किसी भी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए और जिन घायलों की जान बचाई जा सकती है, उन्हें बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाए.
पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों की मदद के लिए सरकार हर संभव सहायता करेगी. उन्होंने कहा कि वह प्रयागराज में ही मौजूद थे, इसलिए घटना की जानकारी मिलते ही घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे और उनके परिवारों से मुलाकात की. डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार इस दुखद घटना को लेकर बेहद दुखी है और घायलों के इलाज के साथ-साथ पीड़ित परिवारों की सहायता पर भी पूरी गंभीरता से काम कर रही है.
हादसे की जांच कराने की बात
डिप्टी सीएम ने घटना की जांच कराने की बात भी कही. उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की जांच कराई जाएगी और घटना से जुड़े तथ्यों को सामने लाया जाएगा. फिलहाल सरकार का मुख्य जोर घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने पर है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए