UP Election 2027: राजा भैया की पार्टी ने जारी की तीन उम्मीदवारों की पहली सूची, कुंडा से खुद लड़ेंगे चुनाव
राजा भैया की तस्वीर
यूपी चुनाव 2027 के लिए राजा भैया की पार्टी ने पहली सूची जारी की है. राजा भैया कुंडा से उम्मीदवार होंगे. जानें अन्य दो सीटों के प्रत्याशी.
Jansatta Dal candidate list 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी बीच जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने तीन विधानसभा सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है. पार्टी ने प्रतापगढ़ जिले की कुंडा, बाबागंज और विश्वनाथगंज विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है. इस सूची में कुंडा से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया को प्रत्याशी बनाया गया है.
कुंडा से राजा भैया और बाबागंज से विनोद सरोज को मिला टिकट
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की ओर से जारी सूची के मुताबिक, विधानसभा क्षेत्र संख्या 246 कुंडा से रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया चुनाव लड़ेंगे. वहीं, विधानसभा क्षेत्र संख्या 245 बाबागंज से विनोद सरोज को उम्मीदवार बनाया गया है. दोनों ही सीटें प्रतापगढ़ जिले में आती हैं. पार्टी ने इन तीनों नामों की घोषणा को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की पहली सूची के तौर पर जारी किया है.
विश्वनाथगंज से कुलदीप पटेल पर पार्टी ने जताया भरोसा
पार्टी ने विधानसभा क्षेत्र संख्या 247 विश्वनाथगंज से कुलदीप पटेल को अपना प्रत्याशी घोषित किया है. वह प्रतापगढ़ की जिला पंचायत अध्यक्ष माधुरी पटेल के पति हैं. विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र में क्षत्रिय मतदाताओं की अच्छी संख्या मानी जाती है. ऐसे में इस सीट से पटेल उम्मीदवार को मैदान में उतारने के फैसले को राजनीतिक लिहाज से अहम माना जा रहा है. इसे राजा भैया की पार्टी की चुनावी रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है.
तीन सीटों पर उम्मीदवारों के ऐलान से बढ़ी सियासी हलचल
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की इस घोषणा ने प्रतापगढ़ की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है. खासकर विश्वनाथगंज सीट से कुलदीप पटेल को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो सकती हैं. समाजवादी पार्टी के बाद अब राजा भैया की पार्टी ने भी तीन विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए