एडमिशन नहीं मिला तो हैक कर डाली IIT कानपुर की वेबसाइट, FIR के जगह संस्थान ने दिया टैलेंट दिखाने का मौका

Updated:
विज्ञापन
स्टूडेंट ने IIT कानपुर की वेबसाइट को हैक किया

स्टूडेंट ने IIT कानपुर की वेबसाइट को हैक किया

UP News: IIT कानपुर में एडमिशन न मिलने पर एक छात्र ने संस्थान की वेबसाइट हैक कर दी. लेकिन संस्थान ने कानूनी कार्रवाई के बजाय, छात्र की साइबर स्किल्स को परखने का फैसला किया है.

विज्ञापन

UP News: साइबर सिक्योरिटी में करियर बनाने का सपना देख रहे एक छात्र ने ऐसा कदम उठाया, जिसने सबको हैरान कर दिया. IIT कानपुर में बीटेक साइबर सिक्योरिटी कोर्स में एडमिशन नहीं मिलने के बाद छात्र ने संस्थान की वेबसाइट हैक कर दी. वेबसाइट पर उसने संदेश छोड़ा- “Site is Hacked, All I Need is Just a Fair Chance”. आमतौर पर ऐसी घटनाओं में कानूनी कार्रवाई की जाती है, लेकिन IIT कानपुर ने इस मामले में अलग रास्ता अपनाया. संस्थान ने छात्र के खिलाफ तुरंत FIR दर्ज कराने के बजाय उसकी साइबर सिक्योरिटी स्किल्स को परखने का फैसला किया है. अगर छात्र टेस्ट में सफल होता है तो उसे IIT कानपुर के C3iHub में इंटर्नशिप का मौका दिया जा सकता है.

वेबसाइट हैक कर छात्र ने दिखाई अपनी स्किल

जानकारी के मुताबिक, छात्र IIT कानपुर के बीटेक साइबर सिक्योरिटी प्रोग्राम में दाखिला लेना चाहता था, लेकिन प्रवेश प्रक्रिया में उसका चयन नहीं हो सका. इसके बाद उसने अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए संस्थान की वेबसाइट में सेंध लगा दी. हैक करने के बाद छात्र ने वेबसाइट पर एक मैसेज छोड़ दिया. इसके बाद उसने X और Reddit पर वेबसाइट हैक के स्क्रीनशॉट शेयर किए और बताया कि वह अपनी साइबर सिक्योरिटी क्षमता साबित करना चाहता है और उसे एक मौका चाहिए.

IIT कानपुर ने नहीं उठाया सख्त कानूनी कदम

इस मामले में IIT कानपुर के निदेशक प्रो. मनिंद्र अग्रवाल ने कहा कि एडमिशन प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी थी और इसमें कई कानूनी व प्रक्रिया से जुड़े पहलू शामिल थे. हालांकि, संस्थान छात्र का भविष्य खराब नहीं करना चाहता था. उन्होंने कहा कि छात्र को एक मौका देने का फैसला लिया गया है. उसकी क्षमता और दावों की जांच की जाएगी. सफल रहने पर उसे IIT कानपुर के C3iHub में इंटर्नशिप का अवसर दिया जा सकता है. इसके अलावा वह अगले साल दोबारा एडमिशन के लिए प्रयास कर सकता है.

छात्रों को दिया सही रास्ता अपनाने का संदेश

IIT कानपुर ने इस घटना के जरिए दूसरे छात्रों को भी संदेश दिया है कि किसी भी लक्ष्य को पाने के लिए गलत तरीका अपनाना सही नहीं है. संस्थान का कहना है कि साइबर सिक्योरिटी में अच्छा हुनर रखने वाले लोग अपनी योग्यता के आधार पर मौके हासिल कर सकते हैं. विशेषज्ञ और छात्र अपना CV C3iHub के साथ साझा कर सकते हैं, जहां इंटर्नशिप या नौकरी के लिए उन पर विचार किया जा सकता है. साथ ही यह भी कहा गया कि छात्रों को अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए हमेशा कानूनी और सही प्रक्रिया का पालन करना चाहिए. किसी भी तरह की अनधिकृत गतिविधि भविष्य में गंभीर परेशानी खड़ी कर सकती है.

हैकथॉन में नहीं दिखा पाया था प्रतिभा

प्रो. मनिंद्र अग्रवाल के मुताबिक, बीटेक साइबर सिक्योरिटी में प्रवेश के लिए हैकथॉन के जरिए छात्रों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका दिया गया था. इस दौरान यह छात्र खुद को साबित नहीं कर पाया था. इसके बाद उसने वेबसाइट हैक करके अपनी क्षमता दिखाने की कोशिश की. संस्थान अब पहले उसकी स्किल्स को जांचना चाहता है.

पहले भी साइबर रिसर्चर्स को मिला है मौका

IIT कानपुर इससे पहले भी साइबर सिक्योरिटी से जुड़े मामलों में प्रतिभा को पहचानने का काम कर चुका है. इससे पहले CBSE पोर्टल की खामियां उजागर करने वाले एक रिसर्चर को भी IIT कानपुर के C3iHub केंद्र में काम करने का अवसर दिया गया था. फिलहाल IIT कानपुर छात्र की साइबर स्किल्स का मूल्यांकन करेगा. इसके बाद ही तय होगा कि उसे इंटर्नशिप का मौका मिलेगा या नहीं.

Also Read: OP राजभर के ट्वीट से गरमाई UP की जातीय सियासत, अखिलेश से पूछा- धर्मेंद्र प्रधान यादव होते तो भी मांगते इस्तीफा?


विज्ञापन
Lucky Kumari

लेखक के बारे में

By Lucky Kumari

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola