महाकाल दर्शन को जा रहीं यूपी की मशहूर यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय की सड़क हादसे में मौत, मां ने भी तोड़ा दम

Updated:
विज्ञापन

मशहूर यूट्यूबर और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर छवि वार्ष्णेय

उत्तर प्रदेश की मशहूर यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय और उनकी माँ की उज्जैन जाते समय एक भीषण सड़क हादसे में दुखद मृत्यु हो गई. कार ट्रक से जा टकराई, जिसमें पिता सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए.

विज्ञापन

UP YouTuber Chhavi Varshney : मध्य प्रदेश में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के हाथरस की मशहूर यूट्यूबर और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर छवि वार्ष्णेय की मौत हो गई. हादसे में उनकी मां सारिका ने भी दम तोड़ दिया. उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर रामाखेड़ी गांव के पास उनकी कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी. हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. छवि वार्ष्णेय की उम्र 23 वर्ष बताई गई है और उनके यूट्यूब चैनल पर सात लाख से अधिक सब्सक्राइबर थे. हादसे की खबर के बाद हाथरस में शोक की लहर है. दोनों के शव बुधवार को हाथरस के महौखास गांव लाए जाने की बात कही गई है.

विज्ञापन

महाकाल के दर्शन के लिए निकला था परिवार

जानकारी के मुताबिक, छवि वार्ष्णेय सोमवार देर रात अपने पिता श्यामलाल, मां सारिका, समधी सूरजपाल और कार चालक सचिन के साथ उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए निकली थीं. रास्ते में उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर रामाखेड़ी गांव के पास उनकी कार आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए.

मौके पर ही मां-बेटी ने तोड़ा दम

हादसे में छवि वार्ष्णेय और उनकी मां सारिका की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना की सूचना मिलते ही बड़ौद पुलिस मौके पर पहुंची. एनएचएआई की एंबुलेंस से दोनों के शवों को बड़ौद के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हादसे के बाद पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है.

पिता समेत तीन लोग गंभीर घायल

हादसे में छवि के पिता श्यामलाल, समधी सूरजपाल और कार चालक सचिन गंभीर रूप से घायल हुए हैं. बड़ौद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर विजेंद्र चूड़िहार ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया. हालत गंभीर होने के कारण तीनों को जिला अस्पताल आगर रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.

2021 में शुरू किया था यूट्यूब चैनल

छवि वार्ष्णेय सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय थीं. उनके चचेरे भाई सचिन के मुताबिक, छवि पढ़ाई में भी काफी अच्छी थीं और उन्होंने ग्रेजुएशन तक शिक्षा हासिल की थी. उन्होंने वर्ष 2021 में अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया था. वह अपने चैनल पर डेली लाइफ व्लॉग्स और ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े वीडियो पोस्ट करती थीं. धीरे-धीरे उनकी लोकप्रियता बढ़ती गई और यूट्यूब पर उनके सात लाख से अधिक सब्सक्राइबर हो गए. इंस्टाग्राम पर भी उन्हें एक लाख से अधिक लोग फॉलो करते थे.

परिवार ने हमेशा किया छवि का समर्थन

छवि के पिता श्यामलाल किराना की दुकान चलाते हैं. परिवार के मुताबिक, छवि के सोशल मीडिया करियर को लेकर परिवार ने हमेशा उनका समर्थन किया. छवि की असमय मौत की खबर से परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है. महाकाल दर्शन के लिए निकला परिवार हादसे का शिकार हो गया, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है.

Also Read : पति की मौत के बाद बढ़ाई नजदीकी, फिर बनाया शारीरिक संबंध और 8 लाख रुपये, सोने की चेन ले गया


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola