गंगा स्नान से लौटते ही पसरा मातम! तेज रफ्तार स्कूल बस ने कार के उड़ाए परखच्चे, 1 की मौत, 6 गंभीर
स्कूल बस ने ईको कार को जोरदार टक्कर मार दी
Hathras Road Accident: हाथरस में गंगा स्नान से लौट रहे परिवार की ईको कार को तेज रफ्तार स्कूल बस ने टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Hathras Road Accident: हाथरस में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव अलेहपुर के पास हुआ. तेज रफ्तार स्कूल बस ने सामने से आ रही ईको कार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए.
गंगा स्नान के बाद गांव लौट रहा था परिवार
हाथरस के सादाबाद क्षेत्र के गांव आरती निवासी एक ही परिवार के सात लोग ईको कार से सोरों गंगा स्नान करने गए थे. सोमवार सुबह गंगा घाट पर स्नान करने के बाद सभी कार से वापस अपने गांव लौट रहे थे. कार में रितेश, अवनीश, वीरेंद्र, नरेश, राकेश, प्रदीप और हरदन सिंह सवार थे. अलेहपुर गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कूल बस ने ईको कार को टक्कर मार दी. हादसे में कार चला रहे प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए.
टक्कर के बाद पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कार
स्कूल बस की टक्कर से ईको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसा देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलने पर हाथरस जंक्शन पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा. यहां डॉक्टरों ने तीन घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया.
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मृतक प्रदीप के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिवार के लोग भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए