ग्रेटर नोएडा में बच्ची की हत्या के आरोपी का एनकाउंटर, 24 घंटे में पुलिस ने किया ढेर, CCTV में दिखा था पूरा सच
घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मी
ग्रेटर नोएडा में 6 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के आरोपी बलराज को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर एनकाउंटर में ढेर कर दिया. CCTV फुटेज ने आरोपी की करतूत उजागर की, जिसके बाद पुलिस की कार्रवाई में वह मारा गया.
UP Police Encounter: जिस बच्ची को परिवार शुक्रवार से गांव की गलियों और आसपास के इलाकों में तलाश रहा था, उसका शव खेत में बोरी के अंदर मिला. ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या के आरोपी बलराज को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर एनकाउंटर में मार गिराया. शनिवार शाम करीब 5 बजे आरोपी ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की. पुलिस की फायरिंग में वह घायल हो गया और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. बच्ची की मौत से परिवार में मातम पसरा है.
CCTV ने खोला बच्ची के लापता होने का राज
बच्ची 28 अगस्त को घर से अचानक लापता हो गई थी. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की और पांच टीमें लगाई गईं. आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच के दौरान बच्ची दोपहर करीब 3 बजे बलराज के साथ जाती दिखाई दी, इसके करीब दो घंटे बाद एक अन्य फुटेज में बलराज बोरी लेकर जाता नजर आया. इसके बाद परिवार के लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. बलराज बच्ची के चाचा के घर में किराए पर रहता था और परिवार से परिचित था.
बोरी में मिला मासूम का शव
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर अपराध कबूल किया. उसकी निशानदेही पर गांव से करीब दो किलोमीटर दूर खेत में बोरी के अंदर बच्ची का शव बरामद किया गया. परिवार का आरोप है कि परिचित होने के कारण बलराज बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए FSL टीम को भी बुलाया और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए.
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस के मुताबिक बच्ची के शव का डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमॉर्टम कराया है. रिपोर्ट से उसकी मौत की वजह और घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है. पुलिस दुष्कर्म समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है. DCP शैलेंद्र कुमार सिंह के अनुसार, बच्ची की तलाश के लिए पांच टीमें लगाई गई थीं और CCTV समेत अन्य माध्यमों से लगातार छानबीन की जा रही थी.
परिजन बोले- बच्ची को इंसाफ चाहिए
बच्ची के चाचा ने बताया कि बलराज उनके यहां किराए पर रहता था और परिवार के लोग उसे जानते थे. उन्होंने कहा कि CCTV में आरोपी को बच्ची को बोरी में ले जाते देखा गया, जिसके बाद उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया. परिवार ने सरकार और पुलिस से बच्ची को इंसाफ दिलाने की मांग की है. मासूम की मौत ने परिवार के साथ पूरे इलाके को झकझोर दिया है.
यह भी पढ़ें: UP का अगला मुख्यमंत्री कौन? पूर्व IG का सनसनीखेज दावा, योगी और अखिलेश में किसका पलड़ा भारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए