गोरखपुर में 137 जगह सजी जन्माष्टमी की झांकियां, शहर में ट्रैफिक डायवर्जन लागू, रात 2 बजे तक इन रास्तों पर रोक
गोरखपुर में ट्रैफिक डायवर्जन लागू
गोरखपुर में कृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव जोरों पर है, 137 स्थानों पर झांकियां सजी हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए शहर में ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है. जानें कब और कहां भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी.
Gorakhpur Traffic News: गोरखपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव शुरू हो गया है. जिले में 137 प्रमुख स्थानों पर जन्माष्टमी की झांकियां सज चुकी हैं. श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था भी बदल दी गई है. चार सितंबर की शाम छह बजे से पांच सितंबर की सुबह दो बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. जन्माष्टमी को लेकर शहर से लेकर गांव तक धार्मिक उत्साह है. जिले में 137 स्थानों पर झांकियां सजाई गई हैं, जबकि एक स्थान से शोभायात्रा निकलेगी. प्रमुख मंदिरों और झांकी वाले स्थानों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है. महिलाओं की सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी निगरानी कर रहे हैं.
रात 2 बजे तक भारी वाहनों का डायवर्जन
जन्माष्टमी की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस का डायवर्जन प्लान लागू है. चार सितंबर की शाम छह बजे से पांच सितंबर की सुबह दो बजे तक शहर के प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. रात 12 बजे खुलने वाली नो-इंट्री अब सुबह दो बजे खुलेगी.
इन प्रमुख चौराहों से बदलेगा भारी वाहनों का रास्ता
टीपी नगर: भारी वाहन बेतियाहाता या नगर क्षेत्र में प्रवेश नहीं करेंगे. नो-इंट्री खुलने के बाद छात्रसंघ, मोहद्दीपुर चौराहा होते हुए गंतव्य को जाएंगे.
रुस्तमपुर चौराहा: यहां से भारी वाहनों को नगर क्षेत्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. नो-इंट्री खुलने के बाद मोहद्दीपुर चौराहा और टीपी नगर चौराहा होकर जाएंगे.
देवरिया बाईपास: भारी वाहन छात्रसंघ भवन चौराहा अथवा नगर क्षेत्र की ओर नहीं जाएंगे. नो-इंट्री खुलने के बाद मोहद्दीपुर चौराहा होकर गंतव्य तक जाएंगे.
मोहद्दीपुर चौराहा: भारी वाहनों को विश्वविद्यालय चौराहा या नगर क्षेत्र की ओर नहीं जाने दिया जाएगा. नो-इंट्री खुलने के बाद रुस्तमपुर, छात्रसंघ और टीपी नगर चौराहा होकर जाएंगे.
खजांची चौराहा: भारी वाहन असुरन चौराहा अथवा नगर क्षेत्र की ओर नहीं जाएंगे. नो-इंट्री खुलने के बाद असुरन चौराहा और मोहद्दीपुर होकर जाएंगे.
सुरक्षा में 12 सीओ समेत भारी फोर्स
जन्माष्टमी पर सुरक्षा व्यवस्था में 12 सीओ, 62 निरीक्षक व थानेदार, 510 दारोगा, 2800 सिपाही, 1200 महिला सिपाही और एक कंपनी पीएसी की ड्यूटी लगाई गई है. पुलिस की टीमें प्रमुख मंदिरों, झांकियों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी कर रही हैं.
यह भी पढ़ें: यूपी में मोबाइल से घर बैठे देखें जमीन का नक्शा, ऐसे चेक करें खसरा और प्लॉट की पूरी जानकारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए